देहरा व जदरांगल में केंद्रीय विवि के भवनों का शिलान्यास आज
केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवनों की आधारशिला रखेंगे।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवनों की आधारशिला वीरवार को केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर रखेंगे। जिला कांगड़ा के देहरा और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के जदरांगल में होने वाले कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री बुधवार सायं ही धर्मशाला पहुंच गए। उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय को प्रदेश हित में विकास का मील पत्थर बताया है। साथ ही भवन निर्माण में देरी के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।
उधर, केंद्रीय विश्वविद्यालय के दोनों जगह शिलान्यास के बाद केंद्रीय मंत्री जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सांसद शांता कुमार, अनुराग ठाकुर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, जिले के सभी मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री कुमार धूमल भी मौजूद रहेंगे।
यह रहेगा कार्यक्रम
वीरवार सुबह 11 बजे देहरा में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के भवन की आधारशिला रखी जाएगी। इसके बाद देहरा में जनसभा होगी। इसके बाद 2:30 बजे जदरांगल में भी शिलान्यास होगा और बाद में जनसभा होगी।