छन्नी बेली में महिला घर से चला रही थी नशे का कारोबार, पुलिस ने बड़ी खेप समेत की गिरफ्तार Kangra News
पुलिस ने छन्नी बेली में बताए गए एक घर मे दबिश दी और पूरे घर में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला के घर से 11.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
भदरोआ, जेएनएन। नशे के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत सोमवार शाम डमटाल पुलिस ने छन्नी बेली में एक महिला को चिट्टे सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। पुलिस थाना डमटाल के प्रभारी हरीश गुलेरिया ने बताया टीम मुख्य आरक्षी हरदेव सिंह की अगुवाई में छन्नी बेली गांव मे गश्त पर थी। इस दौरान गश्त कर रही पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली के एक महिला अपने ही घर में नशे का कारोबार कर रही है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छन्नी बेली में बताए गए एक घर मे दबिश दी और पूरे घर में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान महिला के घर से 11.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। चिट्टे सहित पकड़ी गई महिला की पहचान आशा पत्नी मिथुन उर्फ चापड़ निवासी छन्नी बेली तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला से पकड़ी गई नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है। महिला को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पंजाब से सटे इंदौरा क्षेत्र में नशा तस्करी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने भी इन पर नकेल कसने के लिए पूरा जाल बिछा रखा है।
नगरोटा बगवां में चरस समेत धरा एक
नगरोटा बगवां के सुनेहड में पुलिस ने गश्त के दौरान स्कोट निवासी विक्रम सिंह को 39 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। डीएसपी कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि शक के आधार पर विक्रम सिंह की जब तलाशी ली गई तो चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोटला में दुकानदार से शराब बरामद
पुलिस ने बाड़ा में करियाना की दुकान से शराब बरामद की गई। कोटला चौकी प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपित दुकानदान चंद्रभान से 4500 मिलीलीटर शराब बरामद की गई। इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।