महाराष्ट्र से लौटे मंडी के 73 लोग जोगेंद्रनगर और ऊना के 47 यात्री गगरेट के होटलों में किए क्वारंटाइन
पठानकोट रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे पहुंची स्पेशल ट्रेन में 580 लोग वापस आए।
गगरेट/जोगेंद्रनगर, जेएनएन। पठानकोट रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे पहुंची स्पेशल ट्रेन में 580 लोग वापस आए। इनमें मंडी जिला के 73 लोग लौटे हैं। इसके अलावा ऊना जिला के 47 लोग लौटे हैं। मंडी के लोग हिमाचल पथ परिवहन निगम की चार बसों में रविवार को पठानकोट से जोगेंद्रनगर पहुंचे। उपमंडल प्रशासन ने सभी लोगों के पहुंचने के बाद कोविड-19 टेस्ट लेने में जुट गया।
लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन क्रमवार टेस्ट की प्रकिया में जुटा रहा। जोगेंद्रनगर के एसडीएम अमित मेहरा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि यह सभी 73 लोग महाराष्ट्र से जोगेंद्रनगर पहुंचे हैं। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं।
जिला ऊना के कुल 47 यात्री ठाणे से पहुंचे। जिला ऊना के 47 यात्रियों को गगरेट के विभिन्न होटलों में क्वारंटाइन किया गया है। जहां पर पांच दिन के बाद उनके कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। नेगिटिव रिपोर्ट आने पर इन लोगों की घर वापिसी हो जाएगी। सुबह लगभग 10 बजे के बाद गगरेट पहुंची बसों में बच्चों से लेकर हर उम्र वर्ग के लोग व कुछ परिवार शामिल थे।
गगरेट पहुंच कर सभी लोगो के चेहरों पर घर वापसी की खुशी साफ झलक रही थी। जिला के सहायक परिवहन अधिकारी राजेश कौशल की अगुआई में हिमाचल परिवहन निगम की बसें गगरेट पहुंची।