पार्वती घाटी में बादल फटने से लापता चार लोगों में से एक महिला का शव पंडोह में मिला, बच्चे का नहीं लगा सुराग
Parvati Valley Cloudburst कुल्लू की पार्वती घाटी में बीते दिनों बादल फटने से भारी तबाही मची थी। पार्वती घाटी के ब्रह्मगंगा नाले में बादल फटने से लापता महिला का शव बरामद हो गया है। ब्रह्मगंगा निवासी 25 वर्षीय पूनम का शव के पंडोह डैम में 11 दिन बाद मिला है।
कुल्लू, संवाद सहयोगी। Parvati Valley Cloudburst, जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में बीते दिनों बादल फटने से भारी तबाही मची थी। पार्वती घाटी के ब्रह्मगंगा नाले में बादल फटने से लापता महिला का शव बरामद हो गया है। ब्रह्मगंगा निवासी 25 वर्षीय पूनम का शव के पंडोह डैम में 11 दिन बाद मिला है। महिला के शव की पहचान परिजनों ने कर ली है। ब्रह्मगंगा नाले में आई बाढ़ के कारण उसमें चार लोग बह गए थे, लापता लोगों की लगातार तलाश की जा रही थी लेकिन अभी तक किसी का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
रविवार को पंडोह डैम में एक शव दिखाई दिया तो इसके बाद शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त की गई। इसमें पता चला कि यह शव पूनम का है। आखिर 11 दिन बाद पूनम का शव बरामद हुआ है, जबकि उसके चार वर्षीय बेटे निकुंज का अभी कोई पता नहीं चल पाया है।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि मणिकर्ण के ब्रह्मगंगा में आई बाढ़ से लापता चार लोगों में से एक शव मिला है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
निजी बस पर पत्थर गिरने से दो घायल
जोगेंद्रनगर। बरोट-लुहारड़ी सड़क पर शनिवार सायं को चलती बस पर पत्थर गिरने से दो लोग घायल हो गए। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। घायलों को टिकन स्वास्थ्य उपकेंद्र में उपचार दिलाया गया है। घायल हीरा लाल लुहारड़ी व केसर जिमजिमा (जोगेंद्रनगर) का रहने वाला है। निजी बस लुहारड़ी से जोगेंद्रनगर आ रही थी। हादसा बरधान के समीप हुआ। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबको सुरक्षित बचा लिया। यात्री पूर्ण चौहान ने बताया कि खिड़की के साथ बैठे दो यात्रियों को चोट पहुंची है। डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने बताया की दो घायलों को उपचार दिलाकर छुट्टी दे दी है। उधर, भूस्खलन से मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सात घंटे बाधित रहा। वीरवार रात करीब दो बजे बाधित हुए मार्ग को शुक्रवार सुबह नौ बजे बहाल किया गया।