वीकेंड पर बीड़-बिलिंग पहुंचे अन्य राज्यों के पर्यटक, पैराग्लाइडिंग साइट पर लौटी रौनक; खराब सड़क से परेशानी
Paragliding Site हिमाचल प्रदेश में बीड़ बिलिंग स्थित विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट में दो दिन सन्नाटे के बाद वीकेंड पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ी है।
बीड़, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में बीड़ बिलिंग स्थित विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट में दो दिन सन्नाटे के बाद वीकेंड पर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ी है। जिला कांगड़ा के उपमंडल बैजनाथ में स्थित बीड़ में लंबे समय बाद वीकएंड पर पर्यटकों की रौनक देखने को मिली। कोरोना के कारण बीड़ बिलिंग मार्च के बाद से सुनसान पड़े हुए थे। सरकार द्वारा अन्य राज्यों की सीमाओं को खोलने के बाद यहां पहली बार शनिवार को बाहरी पर्यटक पहुंचे। हालांकि शनिवार को भी बिलिंग मार्ग बंद होने से पर्यटक पैराग्लाइडिंग का अधिक आनंद नहीं उठा पाए। लेकिन पर्यटकों ने यहां की वादियों को खूब निहारा।
ऐसे में अब संभावना है कि अक्टूबर व नवंबर में यहां अच्छा पर्यटन सीजन होगा। पायलट ज्योति ठाकुर ने बताया धीरे-धीरे यहां पर पर्यटक आना शुरू हुए हैं। शनिवार को यहां मार्च के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ी दिखी। हालांकि बिलिंग तक सड़क बंद है। लेकिन कुछ पायलट फ्लाइंग करवा रहे हैं। उम्मीद है कि सोमवार से सड़क खुल जाएगी। तो पर्यटकों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
पायलट अरविंद पाल के अनुसार पैराग्लाइडिंग के लिए बुकिंग आना शुरू हो गई है। यहां पैराग्लाइडिंग का सीजन अक्टूबर और नवंबर में होता है। ऐसे में अगले महीने पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। बिलिंग में आजकल मौसम भी खराब है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण दोपहर बाद बादल मंडराना शुरू हो जा रहे हैं। ऐसे में उड़ान भरने में कुछ दिक्कत हो रही है।
बीड़ में होटल व्यापार कर रहे सदा ठाकुर ने बताया सरकार द्वारा हिमाचल की सीमाएं खोल देने के बाद से बाहरी राज्यों के पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। हालांकि इनकी संख्या फिलहाल कम है लेकिन पर्यटक आना शुरू हो गए हैं, जो पर्यटन कारोबारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है।