महिला के बैंक खाते से एक लाख 33 हजार साफ, मामला दर्ज
पुलिस थाना पंचरुखी में एक महिला के खाते से 1 लाख 33 हजार की राशि निकालने का मामला सामने आया है इस मामले में शिकायत दर्ज करवा दी गई है।
पंचरुखी, जेएनएन। पुलिस थाना पंचरुखी के तहत मौलीचक्क निवासी महिला के खाते से शातिरों ने 1 लाख 33 हजार की राशि साफ कर दी है। मोबाइल फोन पर जब रुपये निकालने के मैसेज आए तो महिला का माथा ठनका। जब तक महिला बैंक पहुंची तब तक उसके खाते से रुपये निकाले जा चुके थे। महिला ने बैंक में जाकर जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि हरियाणा के हिसार में उसके खाते से रुपये ट्रांसफर हुए है।
महिला ने इस बाबत जानकारी पुलिस थाना पंचरुखी में दी और न्याय की गुहार लगाई है। सुमन दीक्षित पत्नी ओंकार दीक्षित ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 1 लाख 33 हजार रुपये निकाल लिए हैं। उसने बताया कि किसी भी व्यक्ति को खाते से संबंधित जानकारी नहीं दी थी और न ही उसे किसी का फोन आया था। सुमन के अनुसार, फोन पर मैसेज आया तो ही रुपये निकालने का पता चला है।
महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है। खाते से रुपये कैसे उड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है। भारतीय स्टेट बैंक की पंचरुखी शाखा से भी संपर्क किया है।
-श्याम लाल, थाना प्रभारी पंचरुखी
पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली है। संबंधित खाते की जानकारी मांगी है। कैसे रुपये निकले और कहां निकले हैं, शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी जाएगी।
-प्रमोध सिंह, प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक पंचरुखी
भटेच्छ में 80 नशीले कैप्सूल समेत एक गिरफ्तार
पुलिस थाना शाहपुर के तहत पुलिस ने वीरवार को 80 नशीले कैप्सूल समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया हैं। आरोपित की पहचान शम्मी कुमार निवासी बीरता के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि शम्मी कुमार भटेच्छ खड्ड के पास पैदल आ रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो 80 नशील कैप्सूल बरामद किए। थाना प्रभारी शाहपुर ने बताया कि आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।