न्यूजीलैंड में सांसद निर्वाचित हिमाचल के गौरव शर्मा ने संस्कृत भाषा में ली शपथ, जानिए कौन हैं यह शख्स
Gaurav Sharma Himachal न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के प्रथम निर्वाचित सांसद डॉक्टर गौरव शर्मा ने आज वेलिंगटन स्थित पार्लियामेंट में स्थानीय मोरी भाषा के अतिरिक्त संस्कृत में शपथ ली। गौरव शर्मा का जन्म पहली जुलाई 1987 को गिरधर शर्मा व पूर्णिमा शर्मा के घर सुंदरनगर में हुआ था।
शिमला, प्रकाश भारद्वाज। न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के प्रथम निर्वाचित सांसद डॉक्टर गौरव शर्मा ने आज वेलिंगटन स्थित पार्लियामेंट में स्थानीय मोरी भाषा के अतिरिक्त संस्कृत में शपथ ली। गौरव शर्मा का जन्म पहली जुलाई 1987 को गिरधर शर्मा व पूर्णिमा शर्मा के घर सुंदरनगर में हुआ था। मूलतः हमीरपुर जिला के हेडटा निवासी गौरव की प्राथमिक शिक्षा हमीरपुर, धर्मशाला व न्यूजीलैंड मैं हुई। इससे पहले 1998-99 तक गौरव शर्मा शिमला स्थित चैपसली स्कूल में पढ़ाई कर चुके हैं। गौरव शर्मा हिमाचल प्रदेश के पूर्व आइएएस अधिकारी डॉक्टर अरुण शर्मा के भानजे हैं। इससे पहले गौरव शर्मा ने न्यूजीलैंड में पिछला पार्लियामेंट चुनाव भी लड़ा था। लेकिन वह उससे में पराजित हो गए थे। अमेरिका के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भारत का नाम रोशन किया है। इसी तरह से देश के बाहर भारतीय मूल के प्रवासी लोगों द्वारा राजनीति में नाम कमाया है।
गौरव शर्मा ने न्यूजीलैंड में चुनाव जीतने के बावजूद अपनी मातृभूमि से प्यार व लगाव को दर्शाया है। जिसकी देश व प्रदेश में खूब प्रशंसा हो रही है। गौरव शर्मा प्रारंभिक व माध्यमिक पढ़ाई करने के बाद न्यूजीलैंड चले गए थे। इसके बाद वह वहीं पढ़े व बढ़े। अब उन्होंने चुनाव में उतरकर जीत हासिल की है।
अब हिमाचल के गौरव शर्मा ने न्यूजीलैंड में सांसद पद के लिए चुनाव लड़कर जीत हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। बीते दिनों गौरव के चुनाव जीतने की खुशी में उनके हमीरपुर स्थित गांव में लड्डू बांटकर खुशी मनाई गई। ग्रामीणों ने ढोल नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी गौरव शर्मा को चुनाव जीतने पर बधाई दी थी।