नवनिर्वाचित विधायक विशाल नैहरिया और रीना कश्यप कल लेंगे शपथ, जानिए कौन होंगे मेहमान
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव में जीते विधायक सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे।
नाहन/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुए उपचुनाव में जीते विधायक सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पुस्तकालय परिसर डॉक्टर वाईएस परमार पुस्तकालय भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। सोमवार सुबह 10 बजे विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल धर्मशाला से नवनिर्वाचित विधायक विशाल नैहरिया और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक रीना कश्यप को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक रीना कश्यप के साथ उनके परिवार के सदस्यों के अतिरिक्त पच्छाद भाजपा मंडल के करीब 50 कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। उधर, धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया के साथ स्थानीय कार्यकर्ता ही जा रहे हैं। उनके परिवार का कोई सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होगा। बताया जा रहा है धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में छह नवंबर को आभार रैली होगी और कार्यकर्ता इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। जन आभार रैली में सीएम जयराम ठाकुर भी शामिल होंगे।