फुटबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे चौधरी तिलक राज का निधन, खेल प्रेमियों ने जताया शोक
फुटबाल खेल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और ऊना जिले को पहचान दिलाने वाले पूर्व खिलाड़ी चौधरी तिलक राज का निधन हो गया।
ऊना, जेएनएन। फुटबाल खेल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और ऊना जिले को पहचान दिलाने वाले पूर्व खिलाड़ी चौधरी तिलक राज का निधन हो गया। वे ऊना ज़िला के पंजावर गांव से संबंध रखते थे। चौधरी तिलक राज का आकस्मिक निधन होने पर ऊना के खेल प्रेमियों ने शोक प्रकट किया है। तिलक राज की उम्र 57 वर्ष थी और शुक्रवार रात करीब 11 बजे दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। तिलक राज पंजाब बिजली विभाग में स्पेशल फोरमैन की पोस्ट पर तैनात थे। उनकी अगले साल सेवानिवृत्ति होनी थी।
पूर्व खिलाड़ी की मौत के बाद उनके दो बेटे, एक बेटी व पत्नी का रो-राेकर बुरा हाल है। उनके दो बच्चे आइटी कंपनी में इंजीनियर हैं। उनके साथी खिलाड़ी रहे वर्तमान में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह ने बताया तिलक राज उनके बहुत क़रीबी थे। उन्होंने बताया वर्ष 1980 में गवर्नमेंट कॉलेज ऊना की फुटबॉल टीम के जब वे कप्तान थे, तब से तिलक उनके साथी खिलाड़ी थे।
तिलक राज भी उनके साथ राष्ट्रीय स्तर पर संतोष ट्रॉफी में खेल चुके हैं। कॉलेज की टीम के बाद विश्वविद्यालय की टीम के भी उनके साथ खिलाड़ी रहे। ऊना के खिलाड़ियों ने कटक में 1981 की संतोष ट्रॉफी में शानदार खेल का प्रदर्शन किया था। फुटबाल खेल से जुड़ी इस प्रतिभा के निधन पर खड्ड फुटबॉल अकादमी के लोगों द्वारा भी शोक प्रकट किया है।