बाढ़ प्रभावितों को खेती व घर बनाने को जल्द भूमि दे सरकार, चांगुट वासियों का दर्द देख भावुक हुए मुकेश
Mukesh Agnihotri in Lahaul बाढ़ प्रभावितों से मिलने मयाड़ घाटी के चांगुट गांव पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उनकी हालत देख भावुक हो गए। गत दिनों लाहुल घाटी में बादल फटने से आधा दर्जन नालों में बाढ़ आ गई थी और चांगुट गांव में दो घर बह गए थे
केलंग, जागरण संवाददाता। बाढ़ प्रभावितों से मिलने मयाड़ घाटी के चांगुट गांव पहुंचे नेता प्रतिपक्ष उनकी हालत देख भावुक हो गए। गत दिनों लाहुल घाटी में बादल फटने से आधा दर्जन नालों में बाढ़ आ गई थी और चांगुट गांव में दो घर बह गए थे, जबकि फसल के साथ सैकड़ों बीघा भूमि पानी में चली गई थी। अग्निहोत्री ने चांगुट गांव जाकर प्रभावित परिवारों का हाल जाना। चांगुट का दौरा करने के बाद अग्निहोत्री ने कहा लाहुल घाटी के चांगुट नाला त्रासदी हुए एक माह हो चुका है। लेकिन लोगों को मुआवज़ा अभी तक नहीं मिला है जो बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि आज प्रभावित लोगों से मिले और उनका दुःख दर्द सांझा किया। लोगों के मकान बह गए, सारी खेती बह गई।
लोगों की मांग है कि उन्हें खेती के लिए वैकल्पिक जमीन दी जाए, मकान बनाने को जगह दी जाए और फौरन मुआवजा भी दिया जाए। उन्होंने बताया खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर तो समय पर नही पहुंच पाया। लेकिन दुखद यह है कि मदद भी समय पर नहीं पहुंच पाई है। सरकार से आग्रह है कि त्रासदी प्रभावितों की जल्द मदद की जाए क्योंकि आख़िर मदद का भी समय होता है।