मां ने प्रेमी संग मिलकर घोंट दिया ममता का गला, नौ साल के बेटे की कर दी हत्या; जानिए पूरा मामला
Mother Killed Son औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत निक्कूवाल गांव में मां ने अपने नौ साल के बेटे की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी।
नालागढ़, जेएनएन। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत निक्कूवाल गांव में मां ने अपने नौ साल के बेटे की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। बेटे ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इस पर दोनों ने उसकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव खेत में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक घटना 14 सितंबर की है। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मुल्ला खेड़ा निवासी राम आसरा ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि वह तीन साल से किराये के मकान में रहता है। उसके चार लड़के और एक लड़की है।
नौ साल का बेटा तीसरी कक्षा में पढ़ता था। वह 14 सितंबर को अचानक गायब हो गया। पत्नी से पूछा तो उसने बताया कि वह बुआ के घर गया है। बुआ से बात की तो पता चला कि 14 सितंबर को वो उसके घर आया ही नहीं। 16 सितंबर को बेटे अमनदीप और अन्य लोगों की मदद से बेटे की खोज शुरू की। इसी दौरान उसका शव खेतों में मिला।
बेटे का शव मिलने के बाद राम आसरा ने आकाश अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉडिंग देखी। इसमें आरोपित और उसकी पत्नी दिखी। अशोक उसके घर की ओर आता है और उसके बाद उसका नौ वर्षीय बेटा भी घर की ओर आता हुआ कैमरे में दिखाई देता है। इसके बाद बेटा वापस बाहर नहीं आया। बाद में उसका शव खेत में मिला। एसपी रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है।