दो सप्ताह में हिमाचल की वादियों में पहुंचे 2.57 लाख पर्यटक वाहन, कोविड कर्फ्यू में ढील का असर
Tourist Vehicle in Himachal कर्फ्यू हटते ही हिमाचल में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। प्रदेश में दो सप्ताह के अंदर 2 लाख 57 हजार वाहनों ने प्रवेश किया है। हर रोज 18370 वाहन आ रहे हैं। इससे सड़कों में जहां यातायात जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है
शिमला, राज्य ब्यूरो। Tourist Vehicle in Himachal, कोरोना कर्फ्यू हटते ही हिमाचल में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। प्रदेश में दो सप्ताह के अंदर 2 लाख 57 हजार वाहनों ने प्रवेश किया है। हर रोज 18,370 वाहन आ रहे हैं। इससे सड़कों में जहां यातायात जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है, वहीं वादियां पर्यटकों से गुलजार हो गई हैं। हिमाचल में बीते 14 जून से कोरोना कर्फ्यू की बंदिशें हट गई थी। यह बंदिश सात मई को लगाई थी। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के कारण रोक हटाई गई। दो सप्ताह के भीतर 2,57,179 वाहनों ने प्रवेश किया है। इनमें से 1,31, 216 वाहन बीते 13 से 20 जून और 1,25,963 वाहनों ने 20 से 27 जून के बीच प्रवेश किया है।
राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार प्रदेश में अन्य राज्यों से औसतन रोजाना 18,370 वाहन प्रदेश में पहुंच रहे हैं। इस अवधि के दौरान नियमों की अवहेलना पर भी पुलिस ने कसा शिकंजा कसा है। इसके तहत विवाह परमिट के उल्लंघन पर 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसी तरह मोटर व्हीकल एक्ट न मानने पर 17 हजार, वाहन में मास्क न पहनने पर 3500 रुपये का जुर्माना किया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थल पर मास्क न पहनने पर 3,620 चालान करते हुए 20 लाख से अधिक का जुर्माना किया गया है।
कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद अन्य राज्यों के काफी संख्या में लोग हिमाचल का रुख कर रहे हैं। पड़ोसी राज्यों में पंजाब, हरियाणा सहित दिल्ली, राजस्थान व उत्तर प्रदेश में इन दिनों काफी गर्मी पड़ रही है। इस कारण लोग पहाड़ों की सैर करने के लिए पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश में रिकॉर्ड वाहन पहुंच रहे हें।