केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए बजट की मंजूरी भाजपा की डबल इंजन सरकार के काम का उदाहरण : विशाल नेहरिया
MLA Vishal Nehria केंद्रीय वित्त मंत्रालय से केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए जारी 740.79 करोड़ रुपये के बजट की विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक ने खुशी प्रकट की है। विधायक विशाल नेहरिया ने कहा यह बजट सीयू भवन का ही निर्माण नहीं करेगा
धर्मशाला, जेएनएन। केंद्रीय वित्त मंत्रालय से केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए जारी 740.79 करोड़ रुपये के बजट की विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक ने खुशी प्रकट की है। विधायक विशाल नेहरिया ने कहा यह बजट सीयू भवन का ही निर्माण नहीं करेगा, बल्कि युवाओं के भविष्य के निर्माण के लिए भी यह बजट रास्ता प्रशस्त करेगा। सीयू के लिए जारी बजट के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर का धन्यवाद किया है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया है।
विधायक विशाल नेहरिया ने कहा केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश सीयू परिसर निर्माण के लिए हमेशा से ही प्रयासरत रही है। इसी का नतीजा है कि सीयू के निर्माण के लिए दोनों ही सरकारें एकजुटता के साथ कार्य कर रही हैं। सीयू के मामले को लेकर प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रयास जारी रखा, जबकि केंद्र में केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री डटे रहे। भाजपा हमेशा डबल इंजन की सरकार का नारा देती आई है। सीयू निर्माण का कार्य इसका जीता जागता उदाहरण है।