Leh Highway: मनाली-लेह मार्ग पर जल्द ही सुहाने सफर का आनंद लेंगे सैलानी, बीआरओ जवान मुहिम में जुटे
Manali Leh Highway देश विदेश के सैलानी जल्द ही मनाली-लेह मार्ग पर सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे। कोरोना से बिगड़े हालात सामान्य हो रहे हैं। वहीं सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सफर को सुगम बनाने में जुट गया है।
मनाली, जागरण संवाददाता। Manali Leh Highway, देश विदेश के सैलानी जल्द ही मनाली-लेह मार्ग पर सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे। कोरोना से बिगड़े हालात सामान्य हो रहे हैं। वहीं सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सफर को सुगम बनाने में जुट गया है। सभी दर्रों की बहाली करने के बाद बीआरओ सड़क सुधारने में जुट गया है। अटल टनल के निर्माण से 46 किलोमीटर सफर कम हो गया है साथ ही चार घंटे समय की भी बचत हुई है। मनाली लेह मार्ग अब 430 किलोमीटर लंबा रह गया है। इस मार्ग पर बीआरओ ने दारचा, जिनजिंगबार, पटसेउ, बारलाचा, भरतपुर सिटी, केनग सराय, दारचा व पांग में सड़क सुधारने में जुट गया है। बीआरओ की मानें तो 430 किलोमीटर लंबे सफर को सुगम बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सड़क की हालत ठीक न होने से इस बार ट्रक चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। दो माह के भीतर 12 से अधिक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं, जबकि एक चालक की जान से हाथ भी धोना पड़ा है।
बीआरओ कमंडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि मनाली-लेह मार्ग की हालत सुधारी जा रही है। जल्द ही सैलानी व वाहन चालक इस मार्ग पर सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे। बारलाचा दर्रे सहित शिंकुला, कुंजम व रोहतांग दर्रे पर भी बर्फ के कारण सड़क खराब हो गई है जिसे सुधारा जा रहा है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने लाहुल में जांची व्यवस्था
मनाली। तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय चार दिवसीय काजा दौरे पर हैं। उन्होंने पहले दिन सुमदो, हुरलिंग ताबो, निदांग, माने, लिदांग, ढखर, काजा में जन शिकायतें सुनी। करोड़ों रुपये के उद्घाटन व शिलान्यास भी किए। डा. रामलाल मार्कंडेय ने समदो में 96.27 लाख रुपये की लागत से जलशक्ति विभाग की उठाऊ पेयजल योजना डोगरा स्काउट एवं भारत तिब्बत सीमा पुलिस चौकी का शिलान्यास किया। इस योजना से 2364 लोगों को पेयजल की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही एक करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना का भी शिलान्यास किया गया। काजा में बाढ़ नियंत्रण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर लोगों की जन समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए। पोह के लोगों ने मोबाईल टावर स्थापित करने की मांग को उठाया। कैबिनेट मंत्री ने दो माह के भीतर उनकी मांग को पूरा करने का आश्वसन दिया है। इसके बाद माने गांव और ढांखर में स्थानीय लोगों से मिले।