लॉकडाउन में दिल्ली से हिमाचल पहुंचने पर विरोधियों के निशाने पर आए सांसद ने भी दिखाए तीखे तेवर
संसदीय क्षेत्र मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा वह दिल्ली से जोगेंद्रनगर चोरी छिपे नहीं अनुमति लेकर आए हैं।
मंडी, जागरण संवाददाता। संसदीय क्षेत्र मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा वह दिल्ली से जोगेंद्रनगर चोरी छिपे नहीं अनुमति लेकर आए हैं। बाहर नहीं घूम रहा हूं। सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने जो मानक तय कर रखे हैं, उन्हीं के तहत क्वारंटाइन हूं। अपने घर भी नहीं गया हूं। दिल्ली से अपने संसदीय क्षेत्र को लौटने वाला देश का एकमात्र सांसद नहीं हूं। कई सांसद आपदा की इस घड़ी में अपनों का दुख दर्द साझा करने के लिए अपने अपने संसदीय क्षेत्र को दिल्ली से लौटे हैं। इसमें कांग्रेस के सांसद भी शामिल हैं।
दिल्ली से चलने से पहले सरकार से बकायदा अनुमति ली थी। यात्रा परमिट मिला था। प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन को भी दिल्ली से रवाना होने से पहले अपने संसदीय क्षेत्र में लौटने की पूरी जानकारी दी थी। स्टाफ के लिए भी अनुमति ली थी। वे लोग भी 14 दिन के क्वारंटाइन में हैं।
दिल्ली से लौटने के बाद बकायदा चिकित्सकीय जांच हुई है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक कर आपदा से निपटने की तैयारियों व लोगाें की दी जा रही मदद का जायजा ले रहा हूं।
सोशल मीडिया पर हो रही किरकिरी
रामस्वरूप शर्मा के लाॅकडाउन एवं कर्फ्यू के बीच दिल्ली से जोगेंद्रनगर लौटने को लेकर लोगों ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा रखा है। लोग सरकार से पूछ रहे हैं मरीजों, अन्य राज्यों व जिलों में फंसे लोगाें को घर आने की अनुमति नहीं मिल रही है। ऐसे में रामस्वरूप शर्मा दिल्ली से कैसे जोगेंद्रनगर पहुंच गए। इससे उनकी खूब किरकिरी हो रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी उठाए सवाल
रामस्वरूप शर्मा की प्रदेश वापसी को लेकर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भी सवाल उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार से पूछा प्रदेश के हजारों लोग अन्य राज्यों में फंसे हुए हैं। उन्हें प्रदेश में प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है। लाेग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां हैं वहीं रहें के निर्देश का पालन कर रहे हैं। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने प्रधानमंत्री के आदेशों की अवहेलना की है।
पुलिस महानिदेशक से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
प्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विनय शर्मा ने रामस्वरूप शर्मा पर कोविड 19 को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के आदेशों की उल्लंघना करने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिदेशक से उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है।
वैध परमिट पर आए
पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा का कहना है सांसद रामस्वरूप शर्मा दिल्ली से वैध परमिट पर आए हैं। जोगेंद्रनगर पहुंचे पर उनकी स्वास्थ्य जांच हुई हैं। इसके बाद वह क्वारंटाइन में हैं।