बाहर से आने वाला हर शख्स सीमा पर ही होगा क्वारंटाइन, गोवा व बेंगलुरु के लिए विशेष रेलगाड़ियां
Coronavirus अन्य राज्यों से आए हिमाचलियों को अब घर पर नहीं बल्कि प्रदेश की सीमा पर ही क्वारंटाइन किया जाएगा।
शिमला, जेएनएन। अन्य राज्यों से आए हिमाचलियों को अब घर पर नहीं, बल्कि प्रदेश की सीमा पर ही क्वारंटाइन किया जाएगा। हिमाचल सरकार ने बाहरी राज्यों से आए लोगों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण यह निर्णय लिया। बाहरी राज्यों आने के इच्छुक हिमाचलियों को चिकित्सा जांच और 14 दिन के संस्थागत क्वारंटाइन के बाद ही घर भेजा जाएगा।
शिमला में रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नोडल अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कहा कि सरकार लॉकडाउन में अन्य राज्यों में फंसे अपने लोगों की सुरक्षा के प्रति ङ्क्षचतित है। पंजाब, महाराष्ट्र और देश के अन्य रेड जोन से आने वाले हिमाचलियों की कोविड-19 के लिए जांच की जाएगी।
नोडल अधिकारियों को जिन राज्यों का कार्यभार सौंपा गया है, वहां के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाएं ताकि हिमाचलियों को जल्द वापस लाया जा सके। विद्यार्थियों को वापस लाने में प्राथमिकता दी जाएगी।
गोवा, बेंगलुरु के लिए चलेंगी विशेष रेलगाड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रेलगाड़ी 13 या 14 मई को गोवा से चलेगी। बेंगलुरु में फंसे हिमाचल प्रदेश के लोगों को वापस लाने के लिए 11 मई को बेंगलुरु से ऊना के लिए एक और स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। केंद्र सरकार से महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल व बिहार आदि राज्यों से भी ऐसी ट्रेनें शुरू करने का आग्रह करने पर विचार कर रही है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, मुख्य सचिव अनिल खाची, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, प्रधान सचिव राजस्व व आपदा प्रबन्धन समिति ओंकार चंद शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।