Himachal Coronavirus Update: कांगड़ा में 16 साल का छात्र संक्रमित, 9 मरीज हुए स्वस्थ
Himachal Coronavirus News Live Update कांगड़ा जिला में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आ गया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। कांगड़ा जिला में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आ गया है। दिल्ली से लौटा पंचरुखी के मजेरनु गांव का 16 साल का छात्र कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह 31 मई को दिल्ली से लौटा था व परौर में संस्थागत क्वारंटाइन था। इसके अलावा सोलन का एक और कांगड़ा जिला 8 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए है, इनकी फॉलोअप रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है।
हिमाचल में कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 400 के पार हो गया है। हालांकि संक्रमण को मात देने वालों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को पांच लोग स्वस्थ हुए हैं। इनमें दो हमीरपुर, दो चंबा व एक ऊना जिले से संबंधित है। प्रदेश में कोरोना वायरस को मात देने वालों का आंकड़ा 194 पर पहुंच गया है।
वहीं, शनिवार को प्रदेश में सात नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। इससे संक्रमितों की संख्या अब 401 हो गई है। पॉजिटिव पाए गए सात लोगों में से चार कांगड़ा, जबकि हमीरपुर, चंबा और ऊना से एक-एक शामिल है। ऊना की महिला को छोड़कर अन्य पॉजिटिव पाए गए लोग दिल्ली से लौटे हैं। हालांकि ऊना की महिला का ससुर भी दिल्ली से ही लौटा है।
उधर, हमीरपुर जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 121 व्यक्तियों में से अभी तक 58 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। चंबा जिले से अभी तक 30 संक्रमित व्यक्तियों में से 15 व कांगड़ा जिले में 105 में से 50 लोग स्वस्थ हुए हैं। कांगड़ा में अभी एक्टिव मामलों की संख्या 54 और हमीरपुर में प्रदेश में सबसे अधिक एक्टिव मामले 62 हैं। प्रदेशभर से शनिवार को 822 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 649 नेगेटिव, जबकि 167 की रिपोर्ट अभी आनी है।