Lahaul Landslide: आज लाहुल पहुंचेंगी NDRF व वैज्ञानिकों की टीमें, पहाड़ दरकने व झील बनने की करेंगे जांच
Lahaul Landslide Incident पहाड़ी गिरने से रुकी चंद्रभागा नदी ने तीन घरों सहित सैकड़ों बीघा भूमि को नुकसान पहुंचाया है। घरों व खेतों में पानी भरने से हुए नुकसान का आकलन करने को राजस्व विभाग जुट गया है।
केलंग, जागरण संवाददाता। Lahaul Landslide, पहाड़ी गिरने से रुकी चंद्रभागा नदी ने तीन घरों सहित सैकड़ों बीघा भूमि को नुकसान पहुंचाया है। घरों व खेतों में पानी भरने से हुए नुकसान का आकलन करने को राजस्व विभाग जुट गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉक्टर रामलाल मार्कंडेय लाहुल घाटी में ही डेरा डाले हुए हैं तथा प्रभावित लोगों की मदद को जुटे हुए हैं। सभी प्रभावित परिवारों के रहने व खाने पीने की व्यवस्था कर दी गई है। प्रदेश में हो रही भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए व इनके कारणों को जानने के लिए मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक अध्ययन करवाने की बात कही है।
गौर हो कि हालात का जायजा लेने शुक्रवार को मंत्री डॉक्टर रामलाल मार्कंडेय के साथ मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक लाहुल पहुंच गए थे। वैज्ञानिकों सहित एनडीआरएफ की टीम आज लाहुल पहुंच जाएगी और अपने कार्य में जुट जाएगी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉक्टर रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि अब हालात सामान्य हो गए हैं। उन्होंने बताया राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिक व एनडीआरएफ की टीम आज लाहुल पहुंच रही है। हालांकि नदी अब सामान्य रूप से बह रही है लेकिन पहाड़ से जो मलबा गिरा है, उसके खतरे से निपटने व भूस्खलन के खतरे का आकलन करने को एनडीआरएफ टीम की मदद ली जाएगी। मंत्री ने कहा राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुट गई है।