देश सुनेगा कांगड़ा की आवाज, कुमार साहिल की रियल्टी-शो इंडियन आइडल में एंट्री
अब सारा देश कांगड़ा की आवाज़ सुनेगा। कांगड़ा के कुमार साहिल का इंडियन आइडल-2019 के लिए चयन हुआ है।
धर्मशाला, मुनीष गारिया। अब सारा देश कांगड़ा की आवाज़ सुनेगा। कांगड़ा के कुमार साहिल का इंडियन आइडल-2019 के लिए चयन हुआ है। आने वाले दिनों में कुमार साहिल इंडियन आइडल के मंच से आवाज का जादू बिखेरेंगे। रविवार को हुए ऑडिशन में कुमार साहिल को अनु मलिक और अन्य जजों ने एंट्री कार्ड दिया है। कांगड़ा के वार्ड चार निवासी कुमार साहिल की प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा में हुई है। इसके बाद द्रोणाचार्य कॉलेज रैत से बीबीए की और फिर साई यूनिवर्सिटी पालमपुर से एमबीए किया।
साहिल पिछले आठ साल से संगीत से जुड़े हैं। सोनू निगम को आदर्श मानने वाले साहिल ने चाचा संदीप कुमार से संगीत की शिक्षा ली। इसके बाद वायस ऑफ हिमाचल और पीटीसी पंजाबी पंजाब की आवाज़ के विजेता रहे। पिछले साल कलर टेलीविजन के कार्यक्रम राइजिंग स्टार में फाइनल में पहुंचे थे। फाइनल में वह दो फीसद अंकों से पीछे रह गए थे।
हार का सामना करने के बावजूद साहिल ने हौसला नहीं छोड़ा और अब उन्हें इंडियन आइडल में एंट्री मिली है। ऑडिशन के लिए कुमार साहिल हिमाचल की शान टोपी पहनकर गए थे और इससे जज भी प्रभावित हुए। इस दौरान अनु मलिक ने साहिल के साथ स्किपिंग रोप भी किया। साहिल ने इस सफलता का श्रेय परिजनों को दिया है।