Kinnaur Landslide: डेट ज्यूरी में पहाड़ी दरकने से बंद एनएच को बहाल करने में जुटा एनएचएआइ, पत्थर गिरने से बड़ा जोखिम
Kinnaur Landslide हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के डेट ज्यूरी में पहाड़ी दरकने से बंद पड़े एनएच पांच को बहाल करने में विभाग की मशीनरी जुटी हुई है। यहां सोमवार सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रीय राज मार्ग पांच पर पहाड़ दरक गया था।
ज्यूरी, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर के डेट ज्यूरी में पहाड़ी दरकने से बंद पड़े एनएच पांच को बहाल करने में विभाग की मशीनरी जुटी हुई है। घटनास्थल पर अभी पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं। इस कारण मार्ग को बहाल करने में एनएचएआइ की टीम को कडी मशक्कत करनी पड़ रही है। यहां सोमवार सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रीय राज मार्ग पांच पर पहाड़ दरक गया था। भूस्खलन से एनएच का करीब 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप है। राहत की खबर यह रही कि इससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, भूस्खलन के खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने पहले से ही सड़क के दोनों किनारों पर पुलिस कर्मचारियों को तैनात कर रखा था। इस स्थान पर दो दिन से पत्थर गिर रहे थे, जिस पर एहतियात के तौर पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी गईं। इससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी।
जिला किन्नौर को जोडऩे वाली सड़कों पर बार-बार हो रहे भूस्खलन से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही। निगुलसरी में पहाड़ी दरकने के बाद डेट ज्यूरी में यह दूसरा बड़ा भूस्खलन हुआ है। निगुलसरी में कई लोगों की जान चली गई थी। रामपुर से किन्नौर तक इस तरह के कई ऐसे प्वाइंट हैंं। स्थानीय लोग प्रदेश सरकार से मांग कर रहे हैं कि ऐसे स्थानों की पहचान कर समय रहते खतरनाक बन चुकी चट्टानों को गिराया जाए।
एक्सईएन एनएचएआइ केएल सुमन ने कहा कि डेट ज्यूरी में भूस्खलन से सड़क बंद हुई है। विभाग की मशीनरी और मजदूरों की सहायता से सड़क को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि पहाड़ी से पत्थर गिरने का क्रम जारी रहता है तो सड़क को बहाल करने में दो से तीन का समय भी लग सकता है।
रामपुर में भारी भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच बंद, दो दिन से गिर रहे थे पत्थर, देखिए वीडियो