Kinnaur Landslide: मलबे से 20 शव निकाले, आज भूस्खलन के अंतिम बिंदू तक पहुंचने की उम्मीद
Kinnaur Landslide हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में निगुलसरी हादसे में अब तक 20 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। आज बचाव एवं राहत दल के भूस्खलन के अंतिम बिंदू तक पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में शनिवार को अधिकतर लापता लोगों के मिलने की उम्मीद है।
रिकांगपिओ, संवाद सहयोगी। Kinnaur Landslide, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में निगुलसरी हादसे में अब तक 20 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। आज बचाव एवं राहत दल के भूस्खलन के अंतिम बिंदू तक पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में शनिवार को अधिकतर लापता लोगों के मिलने की उम्मीद है। शनिवार सुबह ही एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है, इसके बाद दोपहर के वक्त भी एक बाडी बरामद हुई है। अब भी कई लोग लापता हैं, इनके परिवार के सदस्य घटनास्थल पर ही डटे हुए हैं। प्रशासन ने हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि बुधवार को 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। प्रशासन अब भी 11 लोगों को लापता मान रहा है।
बचाव एवं राहत दल ने शनिवार को 28 वर्षीय जगत ओलली पुत्र नर बहादुर निवासी सलयाण जिला तोतके नेपाल, प्रभु लाल पुत्र ज्योति लाल निवासी उरनी व गुल पंछी पत्नी अरुण कुमार निवासी रामणी के शव बरामद किए हैं।
शुक्रवार को तीसरे दिन सुबह चार बजे सर्च आपरेशन शुरू किया गया। शाम सात बजे तक मलबे से चार और शव ही निकाले जा सके। इनकी पहचान राकेश कुमार पुत्र भीमसेन निवासी सुंगरा, करुणेश पत्नी राजेश निवासी रारंग, रविंद्र सिंह पुत्र दौलतराम निवासी चक्की ननखड़ी शिमला व सुरेश केसी नेपाल के रूप में हुई है। शुक्रवार को उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक के नेतृत्व में सर्च अभियान चला।
पत्थर और मिट्टी हटाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी मशीन मंगवाई है। अभियान में एनडीआरएफ सहित सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस, गृहरक्षक व अग्निशमन के कर्मी जुटे हैं। उपायुक्त ने बताया मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। इस पर काम किया जा रहा है।
निगुलसरी में बुधवार को पहाड़ दरकने से एचआरटीसी की बस सहित टिप्पर और पांच अन्य वाहन मलबे में दब गए थे। वीरवार को बचाव दल बस तक पहुंच गया था, लेकिन बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। भारी मलबे से लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा है। पहाड़ी से रुक-रुक कर भूस्खलन होने से बचाव कार्य बाधित हो रहा है।