जन्मदिन मनाकर ड्यूटी पर लौटा था कांगड़ा का जवान, सप्ताह बाद तिरंगे में लिपटकर पहुंचा घर
गरली के निकटवर्ती गांव बणी मट्ट के 22 वर्षीय भारतीय नौसेना में तैनात अभिषेक राणा का गत वीरवार रात हृदयाघात से निधन हो गया।
डाडासीबा, जेएनएन। गरली के निकटवर्ती गांव बणी मट्ट के 22 वर्षीय भारतीय नौसेना में तैनात अभिषेक राणा का गत वीरवार रात हृदयाघात से निधन हो गया। शुक्रवार सुबह तिरंगे में लिपटा अभिषेक राणा का पार्थिव शरीर ज्यों ही गरली के गांव बणी पहुंचा तो पूरे क्षेत्र के लोगों की आखें नम हो गईं। अभिषेक के परिवार में माता-पिता व एक छोटा भाई है। अभिषेक के पिता वीरेंद्र राणा भी भारतीय सेना में बतौर नायब-सूबेदार तैनात हैं। अभिषेक के पिता ने बताया कि अभिषेक भारतीय नौसेना के एमआइजी 29के फाइटर एयरक्राफ्ट में बतौर एनएएम-1 मैकेनिकल पद पर गोवा में तैनात था और कुछ दिन पहले ही घर पर छुट्टी आया था। गत 27 सितंबर को घर पर जन्मदिन मनाकर 28 सितंबर को ही अभिषेक गोवा ड्यूटी के लिए गया था।
अभिषेक के शव के साथ उसकी यूनिट से यहां पंहुचे एए(डब्ल्यू)3 संजय कुमार व एए(डब्ल्यू)3 योगेश यादव ने बताया कि अभिषेक राणा को दो अक्टूबर शाम करीब आठ बजे सीने में तेज दर्द उठा और उसे यूनिट से आइएनएचएस जीवंती नेवी अस्पताल गोवा ले जाया गया जहां रात करीब 12 बजे अभिषेक ने अंतिम सांस ली। वहीं शुक्रवार को योल से पंहुचे कैप्टन केदार ङ्क्षसह नेगी के नेतृत्व में 20 सिख रेजिमेंट, सेना पुलिस व ईएमई के जवानों की टुकड़ी ने सैन्य सम्मान देते हुए अभिषेक के अंतिम संस्कार में शामिल होकर कालेश्बर महादेव स्थित ब्यास नदी तट पर उन्हें अंतिम विदाई दी।