Independence Day 2020: मुख्यमंत्री ने कुल्लू में किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं
Independence Day 2020 कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली।
कुल्लू, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह कुल्लू में मनाया गया। कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर परेड का निरीक्षण करने के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने 11 बजे ढालपुर मैदान में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान गाकर समारोह का आगाज किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बेहतरीन प्रशासनिक कार्यों के लिए अधिकारियों को सम्मानित किया। बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए मगन राम डोगरा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा गायक नरेंद्र ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाजा गया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर सभी प्रदेश वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा लंबे संघर्ष के बाद हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। आजादी प्राप्त करने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने बहुत कठिनाइयों का सामना किया है।
जयराम ने कहा केंद्र में मजबूत नेतृत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बड़े निर्णय लिए गए हैं। आज सीमाओं पर मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। आज कोरोना के कारण हमें कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लॉकडाउन के दौरान सभी प्रदेशवासियों ने सहयोग दिया। इसके लिए सभी का आभार है।
राज्यस्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर रखी हैं। कई दिन से कड़कती धूप व बारिश के बीच पुलिस व होमगार्ड जवान परेड की रिहर्सल में जुटे रहे। शारीरिक दूरी का कार्यक्रम के दौरान काफी ध्यान रखा जा रहा है। बिना मास्क किसी को भी कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति नहीं है।