सीमावर्ती क्षेत्र परवाणू में सड़क किनारे मिली सैकड़ों मरी हुई मुर्गियां, पुलिस व प्रशासन जांच में जुटे
Bird Flu Alert प्रदेश की सीमावर्ती क्षेत्र परवाणू में बुधवार सुबह चक्की मोड़ के निकट सैकड़ों की संख्या में मरे हुए मुर्गे मुर्गियां मिली हैं। बर्ड फ्लू के मामलों के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने इन्हें परवाणू के चक्की मोड़ के समीप रात के अंधेरे में फेंक दिया है।
सोलन, जेएनएन। प्रदेश की सीमावर्ती क्षेत्र परवाणू में बुधवार सुबह चक्की मोड़ के निकट सैकड़ों की संख्या में मरे हुए मुर्गे मुर्गियां मिली हैं। बर्ड फ्लू के मामलों के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने इन्हें परवाणू के चक्की मोड़ के समीप रात के अंधेरे में फेंक दिया है। अब इस क्षेत्र के लोगों में सनसनी का माहौल है। मामले की शिकायत पुलिस और जिला प्रशासन को दी गई है, ताकि इसकी छानबीन की जा सके।
हिमाचल प्रदेश में जहां इन दिनों बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू में अज्ञात लोगों ने काफी संख्या में मृत मुर्गे और मुर्गियों से से भरा ट्रक चक्की मोड़ के पास गिरा दिया है। हालांकि, अभी यह पता नहीं लगाया गया है कि क्या यह मुर्गे बर्ड फ्लू के कारण मरे हैं या कोई अन्य कारण है। लेकिन पुलिस व वेटरनरी विभाग को हर पहलू की ओर ध्यान देकर कार्रवाई शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
कालका-शिमला नेशनल पर जब बुधवार को सुबह लोगों ने यह देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उधर, लोगों ने इस बारे प्रशासन व पुलिस को सूचित किया है। साथ ही उपमंडल अधिकारी कसौली संजीव कुमार धीमान ने भी पुलिस व पशुपालन विभाग को निर्देश जारी किए हैं और पुलिस को मामला दर्ज करने व तुरंत छानबीन करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। एसएचओ परवाणू रविंद्र शर्मा ने बताया कि टीम छानबीन के लिए गई है। अभी टीम के आने के बाद सही मामले का पता चल सकेगा।