कंदरोड़ी फाटक पर वाहनों की लगी कतारें लोगों के लिए बनीं परेशानी
इंदौरा विधानसभा के तहत कंदरोड़ी रेलवे फाटक लोगों के लिए गले की फांस बना हुआ है। फाटक के साथ लगते राष्ट्रीय राजमार्ग डमटाल से रोजाना इंदौरा से पठानकोट जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। मरीजों व छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
भदरोआ, मुकेश सरमाल। इंदौरा विधानसभा के तहत कंदरोड़ी रेलवे फाटक लोगों के लिए गले की फांस बना हुआ है। फाटक के साथ लगते राष्ट्रीय राजमार्ग डमटाल से रोजाना इंदौरा से पठानकोट जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जिस कारण अस्पताल जाने वाले मरीजों व कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
यही नहीं कई बार तो विद्यार्थी, सरकारी कर्मी, मजदूर, ग्रामीण समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते हैं। समस्या तब बढ़ जाती है जब फाटक पर दो रेलगाड़ियों की आवाजाही के समय अधिक समय तक जाम लग जाता है। वाहनों का जाम लगना हादसों को न्योता देता है। यहां इससे पहले भी काफी हादसे हो चुके हैं इसमें कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। लोगों की इस समस्या को देख तथा उनको इस समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला पार्षद सदस्य डमटाल वार्ड नंबर एक राहुल पठानिया ने कंदरोडी रेलवे फाटक जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज का निर्माण कराए जाने का अनुरोध वित्त एवं कारपोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से किया था।
जिस पर अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से इस रेलवे फाटक को अति शीघ्र खोलने का पत्र भेजा है ताकि लोगों को इस समस्या से अति शीघ्र समाधान मिल सके। राहुल पठानिया ने बताया कि लोगों की समस्या है और उनसे काफी लोगों ने इस बारे में बात रखी। इस बात को उन्होंने अनुराग ठाकुर तक पहुंचाया और अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल तक उनकी गुहार पहुंचाई है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।