पंजाब, दिल्ली और अंबाला के लिए बसें चलाने को तैयार था निगम, सरकार ने नहीं दी मंजूरी
HRTC Bus Service प्रदेश से अभी अन्य राज्यों के लिए बसें नहीं चलाई जाएगी। परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर और उनका स्टाफ आइसोलेट होने से अब इस मामले में आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के 200 से ज्यादा रूट अन्य राज्यों के हैं।
शिमला, जेएनएन। प्रदेश से अभी अन्य राज्यों के लिए बसें नहीं चलाई जाएगी। परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर और उनका स्टाफ आइसोलेट होने से अब इस मामले में आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के 200 से ज्यादा रूट अन्य राज्यों के हैं। सभी रूट फायदे वाले हैं। कोरोना के चलते इनपर बसें नहीं भेजी जा रही है। निगम प्रबंधन को अन्य राज्यों में चलने वाले रूटों से हर माह दो से ढाई करोड़ का फायदा होता था। निगम ने बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके तहत पंजाब, दिल्ली, अंबाला आदि के लिए बसें भेजी जानी थी। लेकिन, अब यह मामला आगामी मंत्रिमंडल की बैठक तक लंबित पड़ गया है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शनिवार को आयोजित बैठक में बाहरी राज्यों के लिए लिए बसें चलाने पर चर्चा नहीं हुई है। आगामी बैठक में इस मामले पर चर्चा होगी।