HPU BA Topper: पढ़ाई के अलावा कभी टाइम पास के लिए नहीं किया मोबाइल प्रयोग, जानिए अंकिता की सफलता का राज
HPU BA Topper Ankita हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को बीए फाइनल वर्ष 2018-19 का घोषित परीक्षा परिणाम में ज्वालामुखी की खुंडिया तहसील की अलुहा पंचायत से संबंध रखने वाली अंकिता शर्मा ने 9.31 सीजीपीए हासिल कर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है।
ज्वालामुखी, प्रवीण कुमार शर्मा। HPU BA Topper Ankita, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को बीए फाइनल वर्ष 2018-19 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें ज्वालामुखी की खुंडिया तहसील की अलुहा पंचायत से संबंध रखने वाली अंकिता शर्मा ने 9.31 सीजीपीए हासिल कर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। एमसीएम डीएवी कालेज कांगड़ा की छात्रा अंकिता एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है। अंकिता के पिता ज्वालामुखी से सटे अधे दी हट्टी में मिठाई की दुकान करते हैं, जबकि माता महिला एवं समाज कल्याण विभाग में सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं।
अंकिता ने कहा कि उसका सपना शिक्षा क्षेत्र में ही कालेज स्तर पर प्रोफेसर बनने का है। जिसके लिए वह अभी से जुटी हुई हैं। प्रदेश में पहला स्थान उसके लिए किसी सपने से कम नहीं है, लेकिन यह उनकी मेहनत का परिणाम है कि उसने माता पिता तथा अपने कालेज का नाम रोशन किया है। अंकिता बताती हैं कि वह दिन में चार या पांच घंटे ही पढ़ती हैं। सफल होने का फार्मूला समय पर नहीं गुणवत्ता पर निर्भर करता है। आप चाहे एक घंटा पढ़ें, लेकिन लगन से पढ़ें। उन्होंने कहा कालेज के अध्यापकों ने हमेशा मार्गदर्शन किया। माता-पिता की स्पोर्ट तो थी ही, जिससे उसे लक्ष्य की तरफ बढ़ने में आसानी हुई।
अंकिता ने कहा आधुनिकता के दौर में बेशक मोबाइल तथा अन्य टेक्नोलाजी की जरूरत है। लेकिन उसने कभी भी पढ़ाई के अतिरिक्त टाइम पास के लिए मोबाइल का प्रयोग नहीं किया। पढ़ाई पर पूरे फोक्स की वजह से उसे यह सफलता मिली है। अंकिता कहती हैं कि शिक्षा क्षेत्र में जाकर वो उन बच्चों की सहायता करेंगी, जो पारिवारिक मजबूरियों के कारण अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते।
अंकिता के पिता कमल शर्मा व मां अनीता शर्मा ने बताया अंकिता पूरी तरह अनुशासित लड़की है। अनुशाशन तथा लगन की वजह से उसने प्रदेशभर में टाप किया है। यह हमारे लिए तथा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।