HPBOSE 10th Result: 68 फीसद विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण, मेरिट लिस्ट में लड़कियों का दबदबा, पढ़ें खबर
10th Class Result 2020 HP Board Dharamshala हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2019-20 का दसवीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। 10th Class Result 2020 HP Board Dharamshala, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को शैक्षणिक सत्र 2019-20 का दसवीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। एक लाख चार हजार नियमित विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी, जिसमें से 70571 उत्तीर्ण हुए।
परीक्षा परिणाम 68.11 फीसद रहा है। टॉप टेन में इस बार 37 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है, बीते वर्ष दसवीं की मेरिट लिस्ट में 39 विद्यार्थियों ने स्थान पाया था। मेरिट में 23 लड़कियां और 14 लड़के हैं। 5617 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई है।
कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां क्षेत्र के समलोटी की कुमारी तनु ने टॉप किया है। इशान पब्लिक स्कूल हार समलोटी की छात्रा तनु ने 700 में से 691 अंक हासिल किए। दूसरे स्थान पर रहे हमीरपुर के न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल गोपाल नगर के क्षितिज शर्मा ने 690 अंक हासिल किए।
तीसरे नंबर पर तीन विद्यार्थियों ने स्थान पाया है। ग्लोरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर के वंश गुप्ता, कांगड़ा के इशान पब्िलक स्कूल समलोटी की शगुन राणा और बिलासपुर घुमारवीं के राजकीय उच्च विद्यालय पंतेहड़ की अनीशा शर्मा ने 689 अंक हासिल किए।
ऊना जिला के तीन बच्चे मेरिट लिस्ट में रहे हैं। सेंट डीआर पब्लिक स्कूल गगरेट की प्रकृति गौतम ने मेरिट में आठवां स्थान पाया है। बंगाणा के धुंदला के धतोल गांव का साहिल 10वें स्थान पर रहा है। पंजावर सेंट मीरा पब्लिक स्कूल की श्रेया ने भी 10वां स्थान हासिल किया है।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार सोनी और सचिव अक्षय कुमार ने परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया पुनर्मूल्यांकन के लिए पांच सौ रुपये प्रति विषय व पुनर्निरीक्षण के लिए चार सौ रुपये प्रति विषय के हिसाब से 15 दिनों के भीतर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम की मेरिट सूची में कुल 37 छात्र शामिल हैं। इसमें सबसे अधिक जिला कांगड़ा व बिलासपुर जिला के 8-8 बच्चे शामिल हैं और सबसे कम सोलन जिला का एक विद्यार्थी है।