अब शिक्षा बोर्ड उपलब्ध करवाएगा जमा एक व जमा दो की सभी पुस्तकें
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड कक्षा जमा एक व दो की छात्रों को राहत देते हुए इस बार पांच विषयों की थ्यौरी पुस्तकें व प्रैक्टिकल पुस्तिकाएं उपलब्ध करवाएगा।
धर्मशाला, जेएनएन। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जमा एक व दो के विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड इस बार पांच विषयों की थ्यौरी व प्रैक्टिकल पुस्तिकाएं खुद उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा बोर्ड नौंवी कक्षा की कंप्यूटर साइंस की पाठ्यपुस्तकों के साथ प्रैक्टिकल पुस्तिका व दसवीं कक्षा में विज्ञान विषय की प्रैक्टिकल पुस्तिका और कंप्यूटर साइंस की प्रैक्टिकल पुस्तिका भी उपलब्ध करवाएगा। विद्यार्थियों के लिए राहत की बात ये है कि बोर्ड की ओर से बेची जाने वाली पुस्तकें निजी प्रकाशकों के मुकाबले कम मूल्य पर दी जाएंगी। उधर, मुद्रण के बाद पुस्तकों के दाम भी निर्धारित कर दिए जाएंगे।
शिक्षा बोर्ड ने पहली से लेकर दसवीं कक्षा तक की पाठ्यपुस्तकों को अब तक प्रदेश के सभी पुस्तक वितरण केंद्रों में पहुंचा दिया है। इसके अलावा जमा एक व दो कक्षाओं की प्रैक्टिकल पुस्तिकाओं का मुद्रण भी करवाया जा रहा है। यहां बता दें कि इससे पहले शिक्षा बोर्ड दसवीं कक्षा तक थ्यौरी की किताबें ही मुद्रित करवाता था, जिसके चलते छात्रों को प्रैक्टिकल विषयों की पुस्तिकाएं और मुख्य रूप से जमा एक व दो की सभी पुस्तकें बाजार से खरीदनी पड़ती थी। उधर, शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया प्रारंभिक चरण के जमा एक व दो के पांच विषयों की अच्छी गुणवत्ता वाली पुस्तकें मुद्रित करने का काम चल रहा है। उन्होंने सभी स्कूल मुखियों से अपील की है कि वे छात्रों को शिक्षा बोर्ड की मुद्रित किताबें खरीदने के लिए प्रोत्साहित करें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप