वीकेंड पर हिमाचल पथ परिवहन निगम ने की लोकल बस रूटों में कटौती, सोलन में 50 फीसद रूट बंद
HRTC Bus Routes कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण जिला प्रशासन के निर्देशों पर शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेंगे। केवल जरूरी वस्तुओं दूध सब्जियों फल दवा व वाहन मरम्मत सहित हाईवे के ढाबे खुले रहेंगे। वहीं सरकारी व निजी कार्यालय भी वीकेंड पर बंद रहेंगे।
सोलन, विनोद कुमार। HRTC Bus Routes, कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण जिला प्रशासन के निर्देशों पर शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेंगे। केवल जरूरी वस्तुओं दूध, सब्जियों, फल, दवा व वाहन मरम्मत सहित हाईवे के ढाबे खुले रहेंगे। वहीं सरकारी व निजी कार्यालय भी वीकेंड पर बंद रहेंगे। जिला दंडाधिकारी सोलन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए थे। इसके चलते जिला सोलन में हिमाचल पथ परिवहन निगम ने भी आधे से ज्यादा रूट पर सवारियों के अभाव में बसें न चलाने का निर्णय लिया है। निगम का कहना है कि यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर रूट पर बसों को रवाना किया जाएगा।
परिवहन निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सोलन डिपो में करीब 50, नालागढ़ में 88 और परवाणू में सात रूट प्रभावित हो सकते हैं। निगम का कहना है कि जिस रूट पर दो बसें चलती हैं, वहां यात्रियों की कमी के चलते एक ही बस भेजी जाएगी।
जिला में बसें कम चलने से घरों से जरूरी कार्य से निकले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं शूलिनी निजी बस आपरेटर संघ का कहना है कि शुक्रवार को भी बसों में यात्रियों की संख्या कम ही रही, शनिवार व रविवार को कार्यालय व बाजार बंद होने के कारण जिला में 50 फीसद रूट पर ही निजी बसें चलेंगी।
सोलन डिपो के आरएम शुगल सिंह का कहना है कि कार्यालय व बाजार बंद होने के चलते बसों में यात्रियों की कमी को देखते हुए करीब 50 रूट पर बसें नहीं चलेंगी। 35 लंबी दूरी के रूट पर बसें चलती रहेंगी। आरएम नालागढ़ का कहना है कि नालागढ़ डिपो के तहत 176 रूट पर बसें चलती रहेंगी। शनिवार व रविवार को आधे रूट पर बसें चलेंगी। आरएम परवाणू का कहना है कि परवाणू डिपो में करीब सात रूट प्रभावित हो सकते हैं।
चलती रहेंगी लंबी दूरी की बसें
जिला सोलन में वीकेंड पर कार्यालय व बाजार बंद होने के बावजूद लंबी दूरी के रूट प्रभावित नहीं होंगे। इन रूट पर बसें चलती रहेंगी। अड्डा प्रभारी सोलन का कहना है कि सोलन डिपो से करीब 35 रूट पर लंबी दूरी की बसें चलेंगी। सोलन से धर्मशाला, ज्वालाजी, चंडीगढ़, दिल्ली सहित कई लंबी दूरी के रूट पर बसें नियमित चलती हैं, जिन्हें फिलहाल अभी बंद नहीं किया जाएगा। वहीं, सोलन शहर के अंदर लोकल रूट पर निगम व निजी दोनों बसें चलती रहेंगी।