Himachal Weather Update: कल से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, इन जिलों में तीन दिन बारिश होने की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में कल से मौसम करवट बदल सकता है। कुछ जिलों में 21 मार्च से तीन दिन यलो अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा और चंबा जिला में 21 मार्च को तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में कल से मौसम करवट बदल सकता है। कुछ जिलों में 21 मार्च से तीन दिन यलो अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा और चंबा जिला में 21 मार्च को तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 22 मार्च को इन जिलों के साथ कुल्लू और 23 मार्च को कांगड़ा व मंडी जिला में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के सात शहरों सुंदरनगर, ऊना, सोलन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक चला गया है। अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की वृद्धि दर्ज हुई है। शुक्रवार को कई जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि रविवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।
रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में हल्का हिमपात
पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहुल घाटी में मौसम ने करवट बदली है। रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहने के बाद शाम को बादल छा गए और चोटियों में बर्फबारी शुरू हो गई। सैलानियों के लिए अटल टनल खुली है। हालंकि अटल टनल रोहतांग पर पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी। रोहतांग दर्रे सहित धुंधी, मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, मांगन कोट, फ्रेंडशिप पीक सहित रोहतांग के उस पार बारालाचा, शिकुला जोत, कुंजंम जोत, छोटा व बड़ा शिघरी ग्लेशियर, लेडी ऑफ केलांग व नीलकंठ की पहाडिय़ों सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 12.9, 22.2
- सुंदरनगर, 10.6, 30.9
- भुंतर, 7.9, 29.2
- कल्पा, 3.2 , 17.1
- धर्मशाला, 11.8, 22.4
- ऊना, 12.2, 34.8
- नाहन, 18.1, 28.5
- केलंग, -0.9, 12.5
- पालमपुर, 13.0, 26.1
- सोलन, 10.4, 30.0
- मनाली, 6.2, 21.0
- कांगड़ा, 13.0, 31.0
- मंडी, 10.0, 31.0
- बिलासपुर, 14.0, 33.2
- हमीरपुर, 13.7, 32.9
- चंबा, 9.1, 28.9
- डलहौजी, 11.3, 16.0
- कुफरी, 10.0, 14.4