Himachal Weather Update: प्रदेश में 21 मार्च से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, अधिकतर क्षेत्रों में बारिश की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में बीते कल यानी बुधवार को कुछ जगह मौसम के करवट बदलने के बाद अब मौसम साफ हो गया है। प्रदेश में 21 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में बीते कल यानी बुधवार को कुछ जगह मौसम के करवट बदलने के बाद अब मौसम साफ हो गया है। रोहतांग सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ। मनाली में बारिश से तापमान गिरा, जबकि अन्य क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान में वृद्धि हुई है। मनाली में करीब दो मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इससे तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश में 21 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 मार्च को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में अधिक बारिश होने की संभावना है। 21 व 22 मार्च को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। शिमला से कम तापमान ऊना, सुंदरनगर, धर्मशाला व सोलन में दर्ज किया गया है।
प्रदेश में कहां कितना तापमान
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 11.8, 21.6
- सुंदरनगर, 10.3, 30.1
- भुंतर, 8.2, 28.1
- कल्पा, 3.0, 17.6
- धर्मशाला, 11.2, 22.4
- ऊना, 11.6, 34.0
- नाहन, 14.6, 28.0
- केलंग, -0.8, 10.8
- सोलन, 9.4, 29.0