Himachal Weather Update: प्रदेश में आज भी दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश-हिमपात से तापमान लुढ़का
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में ताजा बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार को भी रहेगा। इस कारण प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में ताजा बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार को भी रहेगा। इस कारण प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम 30 मई तक साफ रहने की संभावना है। हालांकि नमी बढऩे के कारण कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर रविवार को हिमपात हुआ, जबकि शिमला में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हुई। ओलावृष्टि के कारण शिमला के ऊपरी क्षेत्रों कुफरी, ठियोग, रोहडू आदि में सेब व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हिमपात और ओलावृष्टि हुई। बर्फबारी व बारिश के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में करीब दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिमला में करीब 15 मिलीमीटर, मनाली में नौ मिलीमीटर बारिश हुई। ऊना में अधिकतम तापमान में 4.6 डिग्री तक गिरावट आई है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 33.9 डिग्री दर्ज किया गया।
किन्नौर में एनएच पांच बंद
रिकांगपिओ। जिला किन्नौर में एनएच पांच पर काशंग खड्ड के समीप पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने से मार्ग बंद हो गया है। मार्ग पर करीब 50 मीटर तक मलबा आने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। सीमा सड़क संगठन की कर्मचारी मशीनों से एनएच को बहाल करने में जुटे हैं। वहीं, दूसरी तरह टापरी के तहत ककस्थल के समीप रविवार दोपहर पहाड़ी से मलबा गिरने से एनएच बंद हो गया था, जिसे शाम साढ़े चार बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 14.7, 25.7
- सुंदरनगर, 16.5, 31.6
- भुंतर, 12.7, 29.9
- कल्पा, 6.6, 20.2
- धर्मशाला, 15.4, 25.6
- ऊना, 22.0, 33.4
- नाहन, 20.3, 30.2
- केलंग, 4.8, 12.2
- सोलन, 14.4, 30.0