Himachal Weather Update: प्रदेश में दिवाली से दो दिन पहले सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, आंधी व बारिश की संभावना
Himachal Weather Update इस बार दिवाली पर प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 12 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका प्रभाव प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को होगा।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। इस बार दिवाली पर प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 12 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका प्रभाव प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को होगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से किसानों और बागवानों को राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इससे लंबे समय से चले आ रहे सूखे से निजात मिलने की उम्मीद है। सोमवार सुबह भी प्रदेशभर में आसमां में बादलों ने डेरा डाला हुआ है। सुबह कुछ देर सूरज भी बादलों में छिपा रहा। इस बीच ठंड में और इजाफा देखने को मिल रहा है। सुबह भी लोग ठंड से ठिठुरते दिखे।
वहीं, दिवाली पर बारिश होने से कारोबारियों को जरूर नुकसान हो सकता है। कोरोना काल में संकट के दौर से गुजर रहे व्यापारी वर्ग के लिए यह राहत भरा नहीं होगा। बारिश होने पर दिवाली पर होने वाली खरीदारी प्रभावित हो सकती है। किसानों व बागवानों के लिए जरूर राहत की बात होगी।
वहीं, रविवार को प्रदेश में सभी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में शिमला और सोलन को छोड़ बाकी सभी जिला में वृद्धि दर्ज की गई है। शिमला से ज्यादा ठंडी रातें अब ऊना, सोलन व सुंदरनगर की हो गई हैं, जहां पर तापमान शिमला से चार से पांच डिग्री नीचे चला गया है। दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 9.5, 19.5
- सुंदरनगर, 5.7, 27.9
- भुंतर, 4.3, 25.7
- कल्पा, 4.0, 17.6
- धर्मशाला, 10.2, 20.6
- ऊना, 7.0, 29.4
- नाहन, 14.7, 24.5
- केलंग, -2.6, 12.0
- सोलन, 5.2, 25.5