Himachal Weather Update: बारिश-बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना, आज तीन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कुल्लू शिमला और सिरमौर में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के बाद मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को कुल्लू, शिमला और सिरमौर में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को ऊंचे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। रोहतांग सहित प्रदेश की चोटियों पर मंगलवार सुबह शुरू हुआ बारिश व हिमपात का दौर रात तक जारी रहा। अटल रोहतांग टनल के दोनों तरफ हिमपात हुआ है, जबकि मनाली में सात, कल्पा में पांच और केलंग में तीन मिलीमीटर बारिश हुई।
शिमला सहित कई स्थानों पर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। शिमला के दिन के तापमान में करीब तीन डिग्री की वृद्धि हुई है। यहां का अधिकतम तापमान धर्मशाला से अधिक दर्ज किया गया। ऊना के अधिकतम तापमान में 7.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके कारण मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सोलन में 29.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सोमवार को 29.4 डिग्री था। नाहन में अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
बारालाचा दर्रे में हिमपात से बंद है लेह मार्ग
सीमा सड़क संगठन ने 28 मार्च को लेह मार्ग बहाल कर दिया था, लेकिन रविवार रात से दारचा, पतसेउ, जिनजिंगबार, बारालाचा दर्रे में हिमपात होने से लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है। लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने वाहनों को दारचा से आगे जाने पर रोक लगा दी है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला,13.9,22.0
- सुंदरनगर,12.6,24.0
- भुंतर,12.1,21.7
- कल्पा,3.0,10.6
- धर्मशाला,11.2,20.4
- ऊना,12.0,26.6
- नाहन,17.5,27.2
- केलंग,0.4,3.6
- सोलन,12.4,29.6