Himachal Weather Update: दस जिलों में आज से बारिश की संभावना, अब तक प्रदेश में कम बरसा मानसून
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में आज से बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 अगस्त तक10 जिलों में अंधड़ चलने व कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में आज से बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 अगस्त तक किन्नौर व लाहुल स्पीति जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य 10 जिलों में अंधड़ चलने व कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। बुधवार को ऊना, कांगड़ा व मंडी समेत 10 शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। ऊना में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लोगों को इन दिनों उमस सता रही है।
प्रदेश में पहाड़ों से भूस्खलन होने से सड़कें बाधित हो रही हैं। बुधवार को हमीरपुर में सात, कांगड़ा पांच, कुल्लू व मंडी तीन-तीन और शिमला व सोलन में एक-एक सड़क बाधित रही। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि वीरवार से 21 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, हिमाचल में इस बार मानसून सीजन के दौरान 17 फीसद कम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने पहली जून से 15 अगस्त तक के आंकड़े जारी किए हैं। कुल्लू में बारिश सामान्य से अधिक हुई है। इसके अलावा अन्य 11 जिलों में कम बारिश हुई है। लाहुल स्पीति में 64 फीसद और चंबा में 44 फीसद कम बारिश होने से सर्दी के मौसम में जल संकट का खतरा पैदा हो गया है। बिलासपुर में 18 फीसद, चंबा 44, हमीरपुर 11, कांगड़ा छह, किन्नौर 19, लाहुल स्पीति 64, मंडी 7, शिमला 12, सिरमौर 23, सोलन 18 और ऊना में सामान्य से 19 फीसद कम बारिश हुई है। कुल्लू में सामान्य से 28 फीसद अधिक बारिश हुई है।
कहां कितना रहा तापमान
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- केलंग 9.5 24.4
- कल्पा 11.1 25.4
- मनाली 13.9 27.0
- शिमला 16.2 25.4
- मंडी 18.1 34.1
- सोलन 19.0 30.5
- धर्मशाला 20.2 28.4
- चंबा 20.8 32.9
- बिलासपुर 23.0 35.0
- हमीरपुर 23.4 33.8
- नाहन 23.9 30.6
- ऊना 25.4 36.4 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)