Himachal Weather Update: प्रदेश में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी, जानिए कब तक साफ रहेगा मौसम
Himachal Weather Update मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और धूप के खिलने से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि होगी। हालांकि अभी भी न्यूनतम तापमान के कम रहने की संभावना जताई गई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और धूप के खिलने से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि होगी। हालांकि अभी भी न्यूनतम तापमान के कम रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में सबसे कम तापमान केलंग में -12.8 और अधिकतम तापमान ऊना में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हिमपात के चौथे दिन भी प्रदेश में 215 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं और 141 ट्रांसफार्मर खराब हैं। वहीं, जो सड़कें यातायात के लिए खुली भी हैं रात को पानी जमने से सुबह देर से वाहनों की आवाजाही हो रही है। बंद सड़कों को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। रविवार को दिनभर धूप के खिले रहने के कारण अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई है।
बहाल हुई अटल टनल रोहतांग
बर्फबारी के बाद अवरुद्ध हुई अटल टनल रोहतांग को बीआरओ ने बहाल कर दिया है। हालांकि पर्यटकों को लाहुल घाटी जाने की अनुमति नहीं है, लेकिन फोर व्हील ड्राइव वाहन आर-पार हो रहे हैं। बीआरओ ने बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। एक-दो दिन में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है।
कहां कितनी सड़कें बंद
- लाहुल स्पीति, 114
- शिमला, 42
- किन्नौर, 5
- कुल्लू, 42
- मंडी, 5
- सिरमौर, 3
- चंबा, 1
- राष्ट्रीय राज मार्ग, 3
प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 3.1, 17.9
- सुंदरनगर, 1.3, 23.4
- भुंतर, 1.2, 21.3
- कल्पा, -3.8, 10.6
- धर्मशाला, 4.6, 15.8
- ऊना, 4.8, 24.6
- नाहन, 8.3, 21.5
- केलंग, -12.8, 3.3,
- सोलन, 0.4, 20.2