Himachal Weather Update: प्रदेश में दो दिन और बरसेंगे मेघ, जानिए क्या कहता है मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदले हुए है। प्रदेशभर में लगातार बारिश का दौर जारी है इससे ठंड में इजाफा हुआ है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। दो दिन प्रदेश मेंबारिश होने की संभावना जताई है
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदले हुए है। प्रदेशभर में लगातार बारिश का दौर जारी है, इससे ठंड में इजाफा हुआ है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दो दिन प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है, जबकि चोटियों पर हिमपात हो सकता है। बारिश व बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। केलंग से ज्यादा ठंड शुक्रवार को शिमला में दर्ज की गई। केलंग का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री, जबकि शिमला का 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण दो मकानों को नुकसान पहुंचा है और पांच सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। शुक्रवार को डलहौजी में 23 मिलीमीटर बारिश हुई। नालागढ़ के रामशहर में तीन, बैजनाथ में 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ऊना जिला में मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि कुल्लू व मंडी में दो-दो और शिमला में एक सड़क यातायात के लिए बंद है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 15.1, 22.5
- सुंदरनगर, 19.8, 31.4
- भुंतर, 20.2, 31.1
- कल्पा, 12.4, 22.4
- धर्मशाला, 18.2, 28.2
- केलंग, 11.0, 24.2
- ऊना, 23.5, 34.4
- नाहन, 22.1, 26.9
- सोलन, 18.4, 29.0
भाली में भारी भूस्खलन, बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
कोटला। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाली के समीप शुक्रवार शाम को ल्हासा गिरने से यातायात बंद हो गया। ल्हासा गिरने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे वाहन चालकों सहित बसों से दूरदराज जाने वाली सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम इतना लंबा लग गया कि वाहन वापस करना तक मुश्किल हो गया। लोक निर्माण विभाग जेसीबी लगाकर मलबा हटाया और एक तरफ से वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाई। पुलिस चौकी प्रभारी संजय शर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात को बहाल करवाया।