Himachal Weather Update: प्रदेश में सामान्य से 28 दिन अधिक रहा मानसून फिर भी कम बारिश, जानिए कब बरसेंगे मेघ
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से 28 दिन अधिक समय तक रहा। बावजूद इसके प्रदेश में 10 फीसद कम बारिश दर्ज की गई है। इस वर्ष मानसून वर्ष 2008 के बाद 14 दिन पूर्व 13 जून को प्रदेश में प्रवेश कर गया
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से 28 दिन अधिक समय तक रहा। बावजूद इसके प्रदेश में 10 फीसद कम बारिश दर्ज की गई है। इस वर्ष मानसून वर्ष 2008 के बाद 14 दिन पूर्व 13 जून को प्रदेश में प्रवेश कर गया और सामान्य तौर पर 25 सितंबर को वापस लौटने वाला मानसून 14 दिन देर से आठ अक्टूबर को वापस लौटा है। मानसून के दौरान प्रदेश में 692 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि बीते वर्ष 2020 में 567.2, 2019 में 685.5 और 2018 में 927.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। अगस्त में 44 फीसद सामान्य से कम बारिश होने का ही परिणाम है कि 10 फीसद कम बारिश हुई है। लाहुल स्पीति में सामान्य से 69 फीसद और चंबा में 44 फीसद कम वर्षा दर्ज की गई है।
प्रदेश के आठ जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। कुल्लू में चालीस फीसद अधिक, मंडी में 11, शिमला में नौ और बिलासपुर में सामान्य से केवल एक फीसद अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने नौ व 10 अक्टूबर को मौसम के साफ रहने और 11 व 12 अक्टूबर को एक दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। धूप और बादलों के कारण अधिकतम तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं आया है। प्रदेश में सात दिन में जमकर बारिश हुई और इस दौरान 119.6 से 264 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 13 जुलाई को कांगड़ा के शाहपुर में सीजन में सबसे अधिक 264 मिलीमीटर बारिश एक दिन में हुई।
सितंबर व जुलाई में हुई अधिक बारिश (मिलीमीटर में)
- माह, बारिश हुई, सामान्य, अंतर
- जून, 84.6, 100.5, -16
- जुलाई, 289.2, 273, 06
- अगस्त, 146.5, 262.2, -44
- सितंबर, 171.3, 127.7, 34
प्रदेश में कहां कितनी बारिश हुई
- जिला, बारिश हुई, सामान्य,अंतर
- बिलासपुर, 881.2, 873.9, 1
- चंबा, 588.6, 1051.8, -44
- हमीरपुर, 993.1, 1019, -3
- कांगड़ा, 1467.7, 1595.9, -8
- किन्नौर, 235.7, 251.7, -6
- कुल्लू, 707.7, 504.1, 40
- लाहुल स्पीति, 122.8, 394.7, -69
- मंडी, 1174.7, 1061.9, 11
- शिमला, 698.5, 643.6, 9
- सिरमौर, 1161.8, 1350.1, -14
- सोलन, 874.5, 983.1, -11
- ऊना, 709.4, 820.2, -14
- प्रदेश में, 686.5, 763.5, -10