Himachal Weather Update: दो दिन कड़े तेवर दिखाएगा मौसम, सात जिलों में भारी हिमपात और बारिश की संभावना
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदले हुए है। प्रदेश में आज व कल भारी हिमपात व बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 व 23 जनवरी को बिजली गिरने के साथ भारी हिमपात और बारिश की संभावना है।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट बदले हुए है। प्रदेश में आज व कल भारी हिमपात व बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 व 23 जनवरी को बिजली गिरने के साथ भारी हिमपात और बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है। दो दिन के दौरान सात जिलों किन्नौर, लाहुल स्पीति, चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और शिमला के ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात व बारिश की संभावना है, जबकि चंबा, कांगड़ा, कुल्लू जिला के साथ ऊना व बिलासपुर में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की आशंका है। ऐसे में कई क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है।
शिमला, किन्नौर, लाहुल स्पीति, कुल्लू, चंबा के जिला प्रशासन को हिमपात से निपटने के लिए उचित प्रबंध करने को कहा है। लाहुल स्पीति में 110, कुल्लू में 23, चंबा में छह, मंडी में दो, शिमला व सिरमौर में एक-एक सड़क बंद है। शुक्रवार को मंडी तीन व मनाली में दो मिलीमीटर बारिश हुई।
प्रदेश में हिमपात ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। कई दिनों से जारी हिमपात ने जनजातीय क्षेत्रों में लोगों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। प्रदेश में अब भी 143 सड़कों पर यातायात बंद है, जबकि 34 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। शुक्रवार को रोहतांग सहित कुल्लू जिला के बिजली महादेव, बंजार, आनी, तीर्थन, लगघाटी और चंबा जिले के भरमौर व पांगी में शुक्रवार को हिमपात हुआ। रोहतांग में एक फीट ताजा हिमपात हुआ। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर तीन-तीन इंच ताजा बर्फ गिरी है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई। हिमपात व बारिश से ठंड बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 1.6, 8.3
- सुंदरनगर, 6.5, 16.4
- भुंतर, 7.0, 15.1
- कल्पा, -3.2, 6.3
- धर्मशाला, 5.2, 13.0
- ऊना, 7.0, 19.8
- नाहन, 8.2, 17.2
- केलंग, -9.4, -2.0
- मनाली, -0.2, 8.5
- सोलन, 3.6, 17.0