हिमाचल प्रदेश में फिर कड़े तेवर दिखाएगा मौसम, चार दिन तक भारी हिमपात और बारिश की संभावना
Himachal Pradesh Weather Update हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात और बारिश से जनजीवन पूरी तरह पटरी पर नहीं लौटा है। प्रदेश में चार दिन तक मौसम कड़े तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने 19 से 22 जनवरी तक फिर से भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई है।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Pradesh Weather Update, हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात और बारिश से जनजीवन पूरी तरह पटरी पर नहीं लौटा है। प्रदेश में चार दिन तक मौसम कड़े तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने 19 से 22 जनवरी तक फिर से भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार सोमवार को भी ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात, जबकि कुछ निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। प्रदेश में अब भी 154 सड़कों पर यातायात बंद हैं, जबकि बिजली के 74 ट्रांसफार्मर खराब हैं। 44 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
बंद सड़कों में सबसे अधिक लाहुल स्पीति में 127, मंडी में 11, कुल्लू में आठ, चंबा में चार, शिमला में तीन और किन्नौर में एक सड़क यातायात के लिए बंद है। लाहुल स्पीति में 51, चंबा में 20, मंडी में दो और शिमला में एक ट्रांसफार्मर खराब है। इसके अलावा लाहुल स्पीति में 24, शिमला में 15 और चंबा में पांच पेयजल योजनाओं से पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
शिमला में ऊना से अधिक तापमान
रविवार को प्रदेश में दिन की शुरुआत खिली धूप से हुई, लेकिन दोपहर बाद बादल छा गए। इस कारण अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में धूप खिलने से तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है, जबकि ऊना के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं आया है। शिमला का अधिकतम तापमान ऊना से करीब दो डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हालांकि सुबह और शाम शिमला में ज्यादा ठंड है। सबसे अधिक तापमान धर्मशाला में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 4.9, 14.5
- सुंदरनगर, 2.8, 18.4
- भुंतर, 1.5, 17.5
- कल्पा, -4.8, 4.2
- धर्मशाला, 4.2, 19.0
- ऊना, 6.8, 12.5
- नाहन, 8.3, 13.2
- केलंग, -11.9, -1.8
- मनाली, -0.2, 11.2
- सोलन, 2.5, 18.8