Himachal Weather Update: प्रदेश में आज भारी बारिश की संभावना, आरेंज अलर्ट जारी, बर्फबारी से लुढ़का तापमान
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। लगभग समूचे प्रदेश में ठंड का अहसास होने लगा है। रोहतांग बारालाचा शिंकुला सहित अन्य चोटियों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में तीन से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। लगभग समूचे प्रदेश में ठंड का अहसास होने लगा है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला सहित अन्य चोटियों पर हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान में तीन से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 10 जिलों में आंधी चलने के साथ भारी बारिश होने का आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण दो दिन के दौरान बाढ़ की चेतावनी भी जारी की है। नदी-नालों में जलस्तर बढऩे की संभावना है।
मानसून के विदा होने के बाद रविवार को मौसम ने करवट बदली और प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर बारिश हुई। इससे धान की कटाई का काम प्रभावित हुआ है। मनाली-लेह, मनाली-काजा मार्ग और दारचा-शिंकुला-पदुम सड़क यातायात के लिए बंद हो गई है।
कुल्लू जिले के राहनीनाला, मढ़ी, धुंधी जोत, पतालसू जोत, इंद्र किला, लदाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरबे व शिकरबे की पहाडिय़ों पर हिमपात हुआ। लाहुल में जिंगजिंगबार, दारचा की पहाडिय़ों, मयाड़ घाटी, घेपन पीक, लेड़ी आफ केलंग, कुंजुम जोत, शिला पीक, बड़ा व छोटा शिंगुरी ग्लेशियर और नील कंठ जोत में फाहे गिरे। शनिवार को तेज धूप के कारण बारिश की संभावना कम लग रही थी, लेकिन मौसम में एकदम बदलाव आ गया। हिमपात की वजह से रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। पर्यटक वाहनों को गुलाबा से आगे नहीं जाने दिया जा रहा।
मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर लाहुल-स्पीति जिला प्रशासन ने मनाली-लेह व मनाली-काजा मार्ग को एहतियात के तौर पर वाहनों के लिए बंद कर दिया था। उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि पर्यटक व लोग ऊंचाई वाले स्थानों पर न जाएं और मनाली-लेह व मनाली-काजा मार्ग और दारचा-शिंकुला-पदुम मार्ग पर 18 अक्टूबर को सफर न करें।
कहां कितनी बारिश हुई
- स्थान, मिलीमीटर
- कुफरी, 14.5
- नौणी, 10.5
- शिमला, 10.4
- सांगला किन्नौर, 10.0
- कल्पा, 8.4
- नाहन, 4.4
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 14.6, 16.0
- सुंदरनगर, 14.6, 20.8
- भुंतर, 13.3, 18.3
- कल्पा, 8.0, 12.6
- धर्मशाला, 15.8, 24.3
- ऊना, 19.2, 28.6
- नाहन, 21.1, 26.7
- केलंग, 5.7, 11.8
- सोलन, 14.0, 18.5
होटलों में रुके रहे पर्यटक
शिमला। राजधानी शिमला में रविवार को बारिश के कारण जाखू रोपवे बहुत कम चला। लिफ्ट में भी पर्यटकों की आमद बहुत कम रही। शिमला में शुक्रवार को ही पर्यटकों की आमद शुरू हो गई थी और शनिवार को होटल पैक हो गए थे। हालांकि रविवार को बारिश के कारण अधिकतर पर्यटक दिनभर होटलों में ही रुके रहे। सोमवार को भी बारिश की संभावना के बीच शाम को कई पर्यटक वापस भी लौट गए। होटल-रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद का कहना है कि बारिश के कारण पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ा है।