Himachal Weather Update: प्रदेश में और बढ़ेगी शीतलहर, न्यूनतम तापमान माइनस 11 डिग्री तक लुढ़का
Himachal Weather Update प्रदेश में तीन दिन से धूप खिलने के बावजूद शीतलहर से राहत नहीं मिली है। सोमवार को ऊना जिला में इस सीजन का अधिकतम तापमान सबसे कम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसमें करीब तीन डिग्री की गिरावट आई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। प्रदेश में तीन दिन से धूप खिलने के बावजूद शीतलहर से राहत नहीं मिली है। सोमवार को ऊना जिला में इस सीजन का अधिकतम तापमान सबसे कम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसमें करीब तीन डिग्री की गिरावट आई है। हिमपात से प्रदेश में 160 सड़कें बंद होने के साथ आठ ट्रांसफार्मर अब भी खराब हैं, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। लाहुल-स्पीति में सात पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं और पानी की आपूर्ति उदयपुर क्षेत्र में प्रभावित हुई है। सबसे अधिक सड़कें लाहुल-स्पीति में 140, चंबा में 14, शिमला में चार, कुल्लू व मंडी में एक-एक सड़क बंद है। चंबा में आठ ट्रांसफार्मर खराब हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर तक मौसम के साफ रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान केलंग में -11.0 दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोलन में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री दर्ज किया गया है।
पर्यटकों के लिए बहाल हुई अटल टनल
हिमपात के कारण एक हफ्ते से बंद अटल टनल रोहतांग सोमवार को पर्यटकों के लिए बहाल हो गई। हालांकि आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी। टनल 10 दिसंबर को भी पर्यटकों के लिए बहाल हुई थी, लेकिन दूसरे दिन ही बर्फबारी होने के कारण बंद हो गई। रोहतांग दर्रे सहित राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, गुलाबा के कोठी में भी बर्फ के ढेर लगे हुए हैं। रोहतांग दर्रे की ओर बीआरओ ने सड़क बहाल नहीं की है। ऐसे में पर्यटक अटल टनल रोहतांग को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 3.8, 14.9
- सुंदरनगर, 4.2, 19.1
- भुंतर, 0.7, 17.4
- कल्पा, -3.7, 8.1
- धर्मशाला, 2.8, 11.8
- ऊना, 8.4, 16.4
- नाहन, 8.2, 18.3
- केलंग, -11.0, -0.2
- सोलन, 0.8, 20.5