Himachal Weather Update: प्रदेश में ताजा बर्फबारी से बढ़ी शीतलहर, जानिए कब तक खराब रहेगा मौसम
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम ने करवट बदली और चोटियों पर हिमपात होने के साथ कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और हिमपात हो सकता है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम ने करवट बदली और चोटियों पर हिमपात होने के साथ कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और हिमपात हो सकता है। इससे प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर बढ़ गई है। केलंग में -2.1 न्यूनतम व ऊना में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को लाहुल-स्पीति जिला के तहत लाहुल घाटी में हिमपात हुआ। शाम तक सोलंगनाला में भी हिमपात का क्रम शुरू हो गया। वहीं, कांगड़ा जिला सहित मनाली और शिमला में बारिश हुई। इससे बागवानी और कृषि को संजीवनी मिली है।
कांगड़ा जिला में गेहूं की पैदावार बेहतर होने की संभावना है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में चोटियों पर बर्फबारी होने से पानी के स्रोत भी रिचार्ज हुए हैं। हालांकि प्रदेश के शेष स्थानों पर तेज हवा चली, मगर बादल बरसे नहीं। शनिवार को पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा व मंडी के लिए अंधड़ के साथ ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि प्रदेश में शीतलहर तेज हुई है। सोमवार से तीन दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 5.1, 14.2
- सुंदरनगर, 4.1, 20.4
- भुंतर, 4.5, 20.4
- कल्पा, 0.4, 9.4
- धर्मशाला, 3.8, 12.6
- ऊना, 5.7, 21.0
- नाहन, 9.9, 17.6
- केलंग, -2.1, 1.5
- पालमपुर, 5.5, 16.0
- सोलन, 3.7, 20.0
- मनाली, 4.0, 10.4
- कांगड़ा, 6.4, 18.4
- मंडी, 3.1, 18.1
- बिलासपुर, 5.0, 20.5
- हमीरपुर, 5.3, 20.3
- चंबा, 5.1, 17.2
- डलहौजी, 4.0, 4.2
- कुफरी, 3.6, 7.1