हिमाचल में दो दिन बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा, प्रशासन ने वाहन चालकों के लिए एडवायजरी जारी की
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात और मंगलवार को जमकर मेघ बरसे। इससे किसानों-बागवानों को राहत मिली है। रोहतांग में करीब सवा फीट ताजा हिमपात हुआ है। कल्पा में 6.4 सेंटीमीटर और केलंग में पांच सेंटीमीटर बर्फ गिरी।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात और मंगलवार को जमकर मेघ बरसे। इससे किसानों-बागवानों को राहत मिली है। रोहतांग में करीब सवा फीट ताजा हिमपात हुआ है। कल्पा में 6.4 सेंटीमीटर और केलंग में पांच सेंटीमीटर बर्फ गिरी। बारिश का क्रम मंगलवार को दिनभर जारी रहा, इसके कारण ठंड बढ़ गई है। सोमवार और मंगलवार को डलहौजी में सबसे अधिक 57 मिलीमीटर, जबकि मनाली में 32 मिलीमीटर बारिश हुई। हिमपात के बाद प्रदेश में 82 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
अटल टनल के दोनों ओर सवा फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। बीआरओ लगातार मनाली दारचा मार्ग पर बर्फ हटाने में जुटा है, जिस कारण मनाली-केलंग मार्ग पर फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही सुचारू है। मनाली प्रशासन ने सैलानियों के लिए अटल टनल बंद कर दी है, जबकि लाहुल-स्पीति प्रशासन ने वाहन चालकों से आपात स्थिति में ही सफर करने की सलाह दी है। हिमपात से हिमस्खलन की भी आशंका बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। रविवार से शुरू हुई बारिश ने सूखे से राहत प्रदान की है। यह बारिश और हिमपात पानी की किल्लत को दूर करेगा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है और अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। बुधवार से मौसम साफ होने से तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
कहां कितनी हुई बारिश (मिलीमीटर में)
- डलहौजी, 57
- मनाली, 32
- शिमला, 27.7
- भुंतर, 15.8
- नाहन, 11
- हमीरपुर, 11
- बिलासपुर, 8.5
- सोलन, 7.6
- कांगड़ा, 6.5
- ऊना, 4.0
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 8.4, 12.4
- सुंदरनगर, 10.4, 18.7
- भुंतर, 7.6, 12.8
- कल्पा, 0.0, 11.0
- धर्मशाला, 9.2, 16.2
- ऊना, 14.4, 32.0
- नाहन, 15.4, 23.0
- केलंग, -3.1, 0.4
- सोलन, 10.6, 23.0