Himachal Weather Update: आज बारिश-बर्फबारी को लेकर पांच जिलों में यलो व दो में ऑरेंज अलर्ट
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से बारिश व हिमपात का क्रम जारी है। सोमवार सुबह जरूर यह दौर कुछ थम गया। लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार व मंगलवार को भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से बारिश व हिमपात का क्रम जारी है। सोमवार सुबह जरूर यह दौर कुछ थम गया। लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने सोमवार व मंगलवार को भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जनजातीय जिला किन्नौर व लाहुल-स्पीति के लिए ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि दो दिन तक प्रदेश के निचले स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है। इससे प्रदेश में शीतलहर बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के विशेष गर्ग ने CAT में हासिल किए 99.99 फीसद अंक, सुंदर पिचाई से हुए प्रेरित
रविवार को रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट ताजा हिमपात हुआ, जबकि अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर एक-एक फीट बर्फ गिरी। यातायात के लिए अटल टनल बंद हो गई है। शिमला जिले की चांशल घाटी में एक फीट हिमपात हुआ। लाहुल घाटी में अधिकतर सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। चंबा जिले के जोत में आधा फीट हिमपात होने से मार्ग वाहनों के लिए बंद हो गया है।
धुंधी में फंसे पर्यटकों के 82 वाहन पहुंचाए मनाली
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में फंसे करीब 300 पर्यटकों को कुल्लू पुलिस ने शनिवार आधी रात को बचा लिया। रात करीब एक बजे सभी पर्यटकों को सुरक्षित मनाली पहुंचाया गया। पर्यटकों के करीब 82 वाहनों को धुंधी से रविवार को लाया गया। जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड में पानी जम जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित है।
पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम के पूर्वानुमान के बाद पड़ोसी राज्यों से सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों में पहुंचे रहे हैं। भारी हिमपात की संभावना को देखते हुए सरकार ने पर्यटकों को ऊंचाई वाले स्थानों पर न जाने की हिदायत दी गई है। रविवार को भी छुट्टी के दिन हजारों पर्यटक प्रदेश में पहुंचे थे। इनमें से भी अधिकतर पर्यटक राजधानी शिमला और मनाली में रुके हैं।
कहां कितना रहा तापमान
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 5.9, 16.4
- सुंदरनगर, 6.6, 19.2
- भुंतर, 7.2, 17.7
- कल्पा, -0.6, 03.2
- धर्मशाला, 5.4, 11.2
- ऊना, 7.7, 21.6
- नाहन, 8.1, 19.3
- केलंग, -6.1, 0.4
- सोलन, 4.5, 19.0
- मनाली, 3.8, 9.0
- डलहौजी, -0.4, 6.6
- कुफरी, 3.1, 9.2