हिमाचल प्रदेश में शीतलहर तेज, यहां -16.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज, सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा
Himachal Weather News Update Today हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद भी ठंड का प्रकोप जारी है। प्रदेश में धूप खिलने के बावजूद न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। केलंग में सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather News Update Today, हिमाचल प्रदेश में धूप खिलने के बावजूद न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को केलंग में सीजन का सबसे कम -16.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने तीन फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। वहीं, प्रदेश में तीन मकानों व दो गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है। हिमपात व बारिश के बाद अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। प्रदेश में 212 सड़कों पर यातायात बंद है। 32 ट्रांसफार्मर खराब हैं, जबकि 64 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। मौसम विभाग के अनुसार ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर व मंडी में सुबह-शाम घनी धुंध पडऩे की आशंका है।
14 घंटे बंद रहा मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग
मंडी जिले के सात मील में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टानें गिरने के कारण करीब 14 घंटे यातायात बाधित रहा। शुक्रवार सुबह चट्टानें हटाने के बाद यातायात बहाल हुआ। पर्यटकों ने भूखे प्यासे वाहनों में रात गुजारी। सात मील व घ्राण में वीरवार सुबह पहाड़ी दरकने से मलबा व चट्टानें गिरना शुरू हो गई थीं। इससे हाईवे पर दो घंटे यातायात बाधित रहा था। शाम को सात मील के पास अचानक दोबारा पहाड़ से चट्टानें गिर गई। इससे हाईवे बाधित हो गया। यहां फोरलेन निर्माण के लिए पहाड़ की कङ्क्षटग का काम चल रहा है। इससे हाईवे आए दिन बाधित होता रहता है।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 2.0, 10.4
- सुंदरनगर, -0.3, 19.5
- भुंतर, 0.4, 18.5
- कल्पा, -5.0, 3.2
- धर्मशाला, 2.2, 17.2
- ऊना, 4.4, 20.6
- नाहन, 7.7, 15.6
- केलंग, -16.7, -3.7
- मनाली, -3.0, -1.9
- कुफरी, -3.4, 7.0
- सोलन, 1.5, 18.0