Himachal Weather Update: भारी हिमपात के बाद अब हिमस्खलन का अलर्ट, तीन जिलों के लिए चेतावनी जारी
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात और बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हालांकि 26 जनवरी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार से मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। शनिवार शाम से जारी बारिश-हिमपात का क्रम लगातार सोमवार को भी जारी रहा।

शिमला/धर्मशाला/मनाली, जागरण टीम। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात और बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हालांकि 26 जनवरी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार से मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। शनिवार शाम से जारी बारिश-हिमपात का क्रम लगातार सोमवार को भी जारी रहा। जनजातीय जिलों में लोग घरों में कैद हो गए हैं। रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) मनाली ने तीन जिलों कुल्लू, लाहुल स्पीति व चंबा जिलों के कई हिस्सों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
वहीं, हिमपात से लाहुल घाटी सोमवार को लगातार तीसरे दिन प्रदेश के बाकी हिस्सों से कटी रही। अटल सुरंग रोहतांग के दोनों छोर बर्फ से ढक गए हैं। लाहुल घाटी में सोमवार को दो हिमस्खलन हुए। एक हिमस्खलन ने लाहुल के मूलिंग गांव के पास एनएच-3 को अवरुद्ध किया। एक हिमस्खलन से उदयपुर-किलाड़ राजमार्ग बंद हुआ।
पर्यटन नगरी मनाली में भी भारी हिमपात हुआ है। जिला कुल्लू में बारिश व हिमपात से कई जगह भूस्खलन होने से वाहन क्षतिग्रस्त हुए। हालांकि कहीं पर कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। जलोड़ी दर्रे में बर्फ में फंसे दो पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया है। चंबा जिला के भरमौर में दो फीट, कुफरी में छह इंच, शिमला में दो इंच ताजा हिमपात हुआ।
कांगड़ा के बड़ा गांव में अब तक 49 फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है। चंबा की पंचायत धिमला के रेया गांव में भूस्खलन होने से एक चट्टïान घर पर आ गिरी, जिससे बच्ची बाल-बाल बच गई। पांगी घाटी में रेफर किए गए दो मरीजों सहित कुल 90 लोग हवाई उड़ान का इंतजार कर रहे हैैं। किलाड़ से चंबा के लिए 27 और किलाड़ से भुंतर के लिए 40 लोगों ने टिकट बुक करवाई हैं। हवाई उड़ान मौसम पर निर्भर है।
धर्मशाला में न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को कुछ क्षेत्रों में हिमपात और बारिश की संभावना है। दो दिन तक मंडी, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर कांगड़ा में धुंध पडऩे से दृश्यता प्रभावित होगी।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 0.0, 1.7
- सुंदरनगर, 6.1, 10.3
- भुंतर, 5.8, 12.1
- कल्पा, -2.6, 1.4
- धर्मशाला, 2.2, 8.4
- ऊना, 9.0, 14.6
- नाहन, 7.5, 10.3
- केलंग, -9.0, -2.2
- मनाली, 0.0, 4.8
- सोलन, 4.7, 7.6
Edited By Rajesh Kumar Sharma