Himachal Weather Forecast: रोहतांग सहित पहाड़ों पर बर्फबारी, तीन दिन सक्रिय रहेगा पश्चिमी विक्षोभ
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। रविवार सुबह की शुरुआत बादलों के साये में हुई। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू-मनाली किन्नौर की पहाडि़यों पर हिमपात शुरू हो गया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। रविवार सुबह की शुरुआत बादलों के साये में हुई। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू-मनाली, किन्नौर की पहाडि़यों पर भी हिमपात हुआ। हालांकि बर्फबारी का यह दौर ज्यादा देर नहीं चला। दस बजे के बाद बादल छंट गए। अटल टनल के दोनों छोर पर भी बर्फबारी हुई। इस कारण वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
शनिवार को बारालाचा, कुंजम दर्रा और रोहतांग में हिमपात होने से निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों ने आज भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान लगाया है। सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ अधिक असर दिखाएगा और नौ दिसंबर तक बारिश और हिमपात का क्रम जारी रहने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, लाहुल-स्पीति में 15 संपर्क मार्ग अब भी भारी हिमपात से बंद हैं, इन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतर स्थानों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना है। प्रदेश में शनिवार को सबसे कम तापमान केलंग में -3.5 और सबसे अधिक तापमान ऊना में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अटल टनल रोहतांग सैलानियों के लिए बंद
अटल टनल रोहतांग से पर्यटकों के वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी। शनिवार सुबह हिमपात के बाद जिला पुलिस कुल्लू ने सैलानियों के लिए टनल बंद कर दी है। हालांकि लाहुल-स्पीति पुलिस की देखरेख में मनाली-केलंग मार्ग फोर व्हील ड्राइव वाहनों के लिए खुला रहा।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 7.6, 17.8
- सुंदरनगर, 5.0, 23.5
- भुंतर, 4.0, 21.5
- धर्मशाला, 8.6, 18.6
- ऊना, 7.2, 26.6
- नाहन, 11.8, 22.0
- केलंग, -3.5, 3.5
- सोलन, 4.0, 24.0