Himachal Weather Forecast: नवंबर की बारिश ने तोड़ा छह साल का रिकॉर्ड, पश्चिमी विक्षोभ फिर शुरू होगा
Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में नवंबर में सामान्य से 112 फीसद अधिक बारिश हुई है। इस वर्ष नवंबर की बारिश ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। सबसे अधिक बारिश कुल्लू में सामान्य से 288 फीसद ज्यादा और शिमला में 276 फीसद अधिक हुई।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में नवंबर में सामान्य से 112 फीसद अधिक बारिश हुई है। इस वर्ष नवंबर की बारिश ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। सबसे अधिक बारिश कुल्लू में सामान्य से 288 फीसद ज्यादा और शिमला में 276 फीसद अधिक हुई। इस दौरान तीन से चार बार बर्फबारी भी हुई। मानसून के जल्दी जाने और अक्टूबर में लगातार सूखे के बाद हुई बारिश फसलों और फल उत्पादन के लिए बेहतर है। वर्ष 2014 से लेकर 2019 तक नवंबर में सामान्य से 80 से 90 फीसद तक अधिक बारिश दर्ज की गई थी।
हिमाचल प्रदेश में छह दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा। इससे प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। आठ दिसंबर तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस कारण ठंड और बढ़ेगी।
77 मार्ग बंद, आठ ट्रांसफार्मर ठप
कुछ दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश में 77 सड़कें अब भी बंद हैं, वहीं आठ ट्रांसफार्मर खराब हैं। सड़कों को खोलने और ट्रासफार्मर की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। वहीं, मनाली-केलंग के बीच बस सेवा मंगलवार से शुरू होगी। बर्फबारी से बस सेवा एक सप्ताह से बाधित थी। अटल टनल रोहतांग के दोनों ओर भारी बर्फबारी होने से मनाली-केलंग मार्ग बंद हो गया था। प्रदेश में छह स्थानों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान केलंग में -2.6, कल्पा में 1.2, मनाली में 4.0, सुंदरनगर में 4.3, भुंतर में 4.5 व सोलन में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला से ज्यादा ठंडी रातें धर्मशाला की दर्ज हो रही हैं।
नवंबर में हुई बारिश
- जिला, दर्ज बारिश, सामान्य, अंतर फीसद में
- बिलासपुर, 31.1, 14.3, 118
- चंबा, 43.8, 30.5, 44
- हमीरपुर, 19.4, 12.7, 53
- कांगड़ा, 24, 15.1, 59
- किन्नौर, 43.2, 16.3, 165
- कुल्लू, 89.7, 23.1, 288
- लाहुल स्पीति, 49.1, 27.2, 80
- मंडी, 33.3, 15.6, 113
- शिमला, 51.5, 13.7, 276
- सिरमौर, 40.6, 7.9, 413
- ऊना, 25.8, 14.5, 78